पिंपरी-चिंचवड स्कूल किट खरीद में 400 करोड़ के घोटाले का आरोप, संजय राउत ने सीएम को लिखी चिट्ठी
शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने पिंपरी-चिंचवड नगर निगम (PCMC) में छात्रों के लिए स्कूल किट की खरीद में करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री
शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने पिंपरी-चिंचवड नगर निगम (PCMC) में छात्रों के लिए स्कूल किट की खरीद में करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर इस मामले की तत्काल जांच और एक वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राउत ने 9 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में दावा किया है कि इस खरीद में नियमों और सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का घोर उल्लंघन हुआ। उन्होंने कहा कि पिंपरी-चिंचवड के कई स्थानीय पार्षदों ने उनसे मिलकर ये शिकायत की थी।
नियमों को ताक पर रखकर दिया ठेका?
संजय राउत का आरोप है कि PCMC ने प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, स्वेटर, रेनकोट और स्कूल बैग जैसी चीजों की खरीद में अनिवार्य ई-टेंडरिंग प्रक्रिया का पालन नहीं किया। राज्य के नियमों के तहत, 3 लाख रुपये से अधिक की किसी भी सरकारी खरीद के लिए ई-टेंडरिंग ज़रूरी है।
इसके बावजूद, करोड़ों रुपये का यह ठेका सीधे सोलापुर की एक संस्था 'जगदंबा रेडीमेड ड्रेसेस सहकारी संस्था' को बिना किसी प्रतिस्पर्धी बोली के दे दिया गया। राउत ने दावा किया कि यह एक वरिष्ठ मंत्री के राजनीतिक दबाव में किया गया।
सुप्रीम कोर्ट के तय रेट से कई गुना ज़्यादा भुगतान का आरोप
सांसद राउत ने बताया कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्कूल किट के लिए 239 रुपये प्रति यूनिट की दर तय की थी। इसके विपरीत, PCMC प्रशासन ने कथित तौर पर 814 रुपये प्रति यूनिट की दर से ठेका दिया। इस तरह, हर किट पर करदाताओं के 575 रुपये अतिरिक्त खर्च हुए।
राउत के अनुसार, इस कथित घोटाले की कुल राशि करीब 400 करोड़ रुपये है, जिसमें से 50 से 55 करोड़ रुपये की बड़ी रकम संबंधित मंत्रियों तक पहुंची है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे 'न खाऊंगा, न खाने दूंगा' का जिक्र करते हुए कहा कि यह सौदा आर्थिक लाभ के लिए किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय को जांच के लिए सभी दस्तावेजी सबूत सौंपने की भी जानकारी दी।
इनपुट: IANS



