सोमवार, 21 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
दिल्ली

सफाई कर्मचारी की आत्महत्या: AAP पार्षद पर कार्रवाई की मांग, BJP ने दफ्तर के बाहर किया प्रदर्शन

दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक सफाई कर्मचारी दीपक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। इस मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद विजय कुमार की कथित भूमिका को लेकर भारतीय…

सफाई कर्मचारी की आत्महत्या: AAP पार्षद पर कार्रवाई की मांग, BJP ने दफ्तर के बाहर किया प्रदर्शन
(फोटो: IANS)

दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक सफाई कर्मचारी दीपक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। इस मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद विजय कुमार की कथित भूमिका को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखा विरोध प्रदर्शन किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने AAP पार्षद को पार्टी से निकालने की मांग करते हुए मध्य दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की।

विज्ञापन

विरोध प्रदर्शन में मृतक दीपक की पत्नी संगीता भी अपनी छोटी बेटी के साथ शामिल हुईं और उन्होंने अपने पति के लिए न्याय की गुहार लगाई। बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि त्रिलोकपुरी से AAP के पार्षद विजय कुमार ने सफाई कर्मचारी दीपक को आत्महत्या के लिए उकसाया। प्रदर्शनकारी विंडसर प्लेस पर इकट्ठा हुए और AAP कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, जिन्हें रोकने के लिए पुलिस को बैरिकेड लगाने पड़े।

पुलिस ने नेताओं को हिरासत में लिया

प्रदर्शनकारी पुलिस के दो बैरिकेड को पार कर आगे बढ़ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान बीजेपी सांसद योगेंद्र चंदोलिया, विधायक रविंद्र नेगी, रविकांत उज्जैनवाल और पार्षद प्रियंका गौतम समेत कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। उन्हें तिलक मार्ग थाने ले जाया गया, जहां से करीब एक घंटे बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

BJP ने AAP नेतृत्व से पूछे सवाल

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने AAP के शीर्ष नेतृत्व, खासकर अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज और कुलदीप कुमार की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा, "आप पार्षद विजय कुमार पर एमसीडी के एक सफाई कर्मचारी को कथित रूप से आर्थिक रूप से परेशान करने और उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं, फिर भी...चुप क्यों हैं?" चंदोलिया ने यह भी मांग की कि पार्टी बताए कि वह अपने पार्षद को कब निष्कासित करेगी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सफाई कर्मचारियों के साथ किसी भी तरह का अन्याय, शोषण या आर्थिक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चंदोलिया ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक बीजेपी का प्रदर्शन जारी रहेगा। इस विरोध प्रदर्शन में दिल्ली बीजेपी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अनुसूचित जाति मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा और पूर्वांचल मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

इनपुट: IANS

N

News4Social दिल्ली डेस्क

News4Social दिल्ली डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से दिल्ली और एनसीआर से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →