सैमसंग ने तीन नए फोल्डेबल फोन लॉन्च किए, एडवांस्ड AI फीचर्स और पतले डिजाइन पर जोर
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने बुधवार को अपनी फोल्डेबल स्मार्टफोन लाइनअप में तीन नए मॉडल पेश किए हैं— गैलेक्सी जेड फोल्ड8, जेड फोल्ड8 अल्ट्रा और जेड फ्लिप8। कंपनी ने इस नई जेनरेशन में एडवांस्ड गैलेक्सी एआई…
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने बुधवार को अपनी फोल्डेबल स्मार्टफोन लाइनअप में तीन नए मॉडल पेश किए हैं— गैलेक्सी जेड फोल्ड8, जेड फोल्ड8 अल्ट्रा और जेड फ्लिप8। कंपनी ने इस नई जेनरेशन में एडवांस्ड गैलेक्सी एआई (Galaxy AI) फीचर्स, पहले से पतले डिजाइन और नए फॉर्म फैक्टर पर ध्यान केंद्रित किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस लॉन्च का मकसद फोल्डेबल टेक्नोलॉजी को ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाना है।
दक्षिण कोरियाई टेक कंपनी ने कहा कि यह उसकी अब तक की सबसे बड़ी फोल्डेबल स्मार्टफोन रेंज है। तीनों डिवाइस को अलग-अलग तरह के यूजर्स की जरूरतों, जैसे प्रोडक्टिविटी, कंटेंट क्रिएशन, मनोरंजन और सेल्फ-एक्सप्रेशन, को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
हर मॉडल में क्या है खास?
गैलेक्सी जेड फोल्ड8: इस मॉडल को उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो अक्सर फोन की छोटी और बड़ी स्क्रीन के बीच स्विच करते हैं। कंपनी का दावा है कि इसमें कवर डिस्प्ले और अंदर की बड़ी स्क्रीन के बीच का अनुभव बेहद सहज है, जिससे पढ़ना, गेमिंग करना और वीडियो देखना आरामदायक होगा।
गैलेक्सी जेड फोल्ड8 अल्ट्रा: इस फोन के साथ सैमसंग ने अपनी लोकप्रिय 'अल्ट्रा' सीरीज का अनुभव पहली बार फोल्डेबल कैटेगरी में पेश किया है। इसमें एक बड़ा वर्कस्पेस मिलता है, जो मल्टीटास्किंग, प्रोडक्टिविटी और कंटेंट बनाने जैसे कामों को पहले से आसान बनाएगा।
गैलेक्सी जेड फ्लिप8: कंपनी ने इसे फ्लिप सीरीज का अब तक का सबसे पतला स्मार्टफोन बताया है। इसमें AI से लैस 'फ्लेक्सविंडो' है, जिससे यूजर्स बाहरी स्क्रीन पर ही जरूरी जानकारी देख सकते हैं और रोजमर्रा के कई काम निपटा सकते हैं।
AI और यूजर प्राइवेसी पर फोकस
नई गैलेक्सी जेड सीरीज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को हर फोन के हिसाब से ऑप्टिमाइज किया गया है। कंपनी का कहना है कि AI फीचर्स का मकसद यूजर के अनुभव को बेहतर बनाना, बड़ी स्क्रीन पर मल्टीटास्किंग को आसान करना और फ्लिप8 की बाहरी स्क्रीन पर तुरंत जानकारी उपलब्ध कराना है। इन डिवाइस में जेमिनी इंटेलिजेंस समेत अन्य पार्टनर AI एक्सपीरियंस भी शामिल हैं। कंपनी ने यह भी साफ किया है कि सभी AI फीचर्स में पारदर्शिता, गोपनीयता और यूजर कंट्रोल को प्राथमिकता दी गई है।
लॉन्च के अवसर पर सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के डिवाइस एक्सपीरियंस (DX) डिवीजन के प्रमुख टीएम रोह ने कहा, "जैसे-जैसे एआई अधिक सक्षम होता जाएगा, मोबाइल डिवाइस प्रत्येक व्यक्ति के लिए सबसे व्यक्तिगत डिजिटल साथी बन जाएंगे।" उन्होंने कहा कि इस नई फोल्डेबल सीरीज के जरिए सैमसंग प्रीमियम मोबाइल अनुभव का नया मानक स्थापित कर रहा है और अगली पीढ़ी की AI तकनीक को ज्यादा लोगों तक पहुंचा रहा है।
इनपुट: IANS



