AI चिप की लहर पर सैमसंग: दूसरी तिमाही में मुनाफा 1300% उछला, रिकॉर्ड तोड़ कमाई
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में बढ़ती मांग ने दक्षिण कोरिया की दिग्गज कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए मुनाफे का नया आसमान खोल दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कंपनी ने 2026 की…
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में बढ़ती मांग ने दक्षिण कोरिया की दिग्गज कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए मुनाफे का नया आसमान खोल दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कंपनी ने 2026 की दूसरी तिमाही में अपने मुनाफे में सालाना आधार पर 1,300 प्रतिशत की असाधारण वृद्धि दर्ज की है। इस शानदार प्रदर्शन के पीछे मुख्य वजह AI में इस्तेमाल होने वाली सेमीकंडक्टर चिप की जबरदस्त मांग रही है।
कंपनी द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से जून की अवधि में उसका मुनाफा बढ़कर 71.62 ट्रिलियन वॉन (लगभग 49.6 अरब डॉलर) हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 5.11 ट्रिलियन वॉन था। सैमसंग, जो दुनिया की सबसे बड़ी मेमोरी चिप निर्माता है, ने लगातार तीसरी तिमाही में रिकॉर्ड आय और परिचालन लाभ हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मुनाफे और बिक्री में ऐतिहासिक उछाल
इस तिमाही में सैमसंग का ऑपरेटिंग इनकम 1,813.8% की भारी बढ़त के साथ 89.49 ट्रिलियन वॉन पर पहुंच गया, जबकि बिक्री भी 130% बढ़कर 171.49 ट्रिलियन वॉन हो गई। कंपनी के ये नतीजे बाजार के अनुमानों के अनुरूप ही रहे हैं। योनहाप इन्फोमैक्स के एक सर्वे में विश्लेषकों ने 71.21 ट्रिलियन वॉन के शुद्ध लाभ का अनुमान लगाया था। इसके अलावा, सामान्य और प्रेफर्ड शेयरों के लिए प्रति शेयर आय (EPS) 10,849 वॉन रही, जो पिछली तिमाही से 52% अधिक है।
AI की मांग ने कैसे बदली तस्वीर?
सैमसंग ने अपने इस प्रदर्शन का श्रेय AI से जुड़े उत्पादों की बढ़ती मांग को दिया है। कंपनी के बयान में कहा गया है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर में लगातार वैश्विक निवेश के कारण सेमीकंडक्टर की आपूर्ति सीमित रही और मेमोरी चिप की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहीं। अकेले कंपनी के सेमीकंडक्टर कारोबार ने ही इस तिमाही में 127.5 ट्रिलियन वॉन की रिकॉर्ड बिक्री और 89.2 ट्रिलियन वॉन का परिचालन लाभ दर्ज किया।
भविष्य की उम्मीदें और निवेश
कंपनी को उम्मीद है कि साल की दूसरी छमाही में भी सेमीकंडक्टर की मजबूत मांग जारी रहेगी। सैमसंग ने अपने बयान में कहा, "इस वर्ष की दूसरी छमाही में मेमोरी कारोबार को सर्वर-केंद्रित मजबूत मांग मिलने की उम्मीद है, जो एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार पूंजीगत खर्च और एजेंटिक एआई के व्यापक उपयोग से प्रेरित होगी।" उद्योग विशेषज्ञ भी मानते हैं कि चिप बाजार में यह तेजी अगले साल तक जारी रह सकती है। कंपनी ने यह भी बताया कि दूसरी तिमाही में उसका कुल पूंजीगत व्यय 16.8 ट्रिलियन वॉन रहा, जिसमें से 15.4 ट्रिलियन वॉन अकेले चिप डिवीजन में निवेश किया गया।
इनपुट: IANS



