सोमवार, 9 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल

बुक्सा टाइगर रिज़र्व में फिर हड़कंप, कड़ी निगरानी के बावजूद दोबारा भागी बाघिन 'रानी'

पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में स्थित बुक्सा टाइगर रिजर्व से एक रॉयल बंगाल बाघिन के दोबारा भाग जाने से वन विभाग में खलबली मच गई है। 'रानी' नाम की इस बाघिन को कुछ दिन पहले ही बड़े अभियान के बाद…

बुक्सा टाइगर रिज़र्व में फिर हड़कंप, कड़ी निगरानी के बावजूद दोबारा भागी बाघिन 'रानी'
(फोटो: IANS)

पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में स्थित बुक्सा टाइगर रिजर्व से एक रॉयल बंगाल बाघिन के दोबारा भाग जाने से वन विभाग में खलबली मच गई है। 'रानी' नाम की इस बाघिन को कुछ दिन पहले ही बड़े अभियान के बाद असम से वापस लाया गया था, लेकिन वह पांच दिन के भीतर ही फिर से निगरानी को धता बताते हुए जंगल में गायब हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, बाघिन की तलाश के लिए एक व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है और इलाके में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

विज्ञापन

यह घटनाक्रम राज्य में बाघों की आबादी बढ़ाने की एक महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है, लेकिन 'रानी' का बार-बार भागना अधिकारियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। रविवार दोपहर को बाघिन अपने बाड़े से भाग निकली, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

बाघिन को लाने और वापस पकड़ने का घटनाक्रम

यह तीन वर्षीय बाघिन मूल रूप से बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व की है। उसे 27 सितंबर को बेहोश कर पकड़ा गया था और 30 सितंबर को भारतीय वायु सेना के आईएम-17 हेलीकॉप्टर से अलीपुरद्वार के हासिमारा वायुसेना अड्डे पर लाया गया था। यहां स्वास्थ्य जांच के बाद उसे बुक्सा के जंगलों में छोड़ने की तैयारी की गई।

5 अक्टूबर को केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बाघिन को जंगल में छोड़े जाने की सूचना दी थी। हालांकि, उसी महीने के अंत में वह संकोश नदी पार कर असम के रायमोना राष्ट्रीय उद्यान में चली गई।

असम से वापसी का अभियान

शुरुआत में वन विभाग ने उसकी प्राकृतिक गतिविधियों में हस्तक्षेप नहीं किया। लेकिन जब पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ने लगीं, तो उसे वापस लाने का फैसला किया गया। राज्य के वन मंत्री मनोज कुमार ओरांव खुद इस मिशन के लिए असम गए थे।

पश्चिम बंगाल और असम के वन विभागों ने 3 नवंबर को एक संयुक्त अभियान चलाया। असम के कोकराझार जिले में तीन हाथियों की मदद से बाघिन को घेरा गया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे बेहोश कर काबू में किया गया। उसे वापस लाकर बुक्सा में एक बाड़े में रखा गया था, जहाँ से वह एक बार फिर भागने में कामयाब हो गई।

इनपुट: IANS

N

News4Social पश्चिम बंगाल डेस्क

News4Social पश्चिम बंगाल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से पश्चिम बंगाल से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →