प्रवासी भारतीय दिवस 2027: कोलकाता में जुटेगी दुनिया भर की प्रतिभा, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन
दुनिया भर में बसे भारतीय समुदाय को अपनी जड़ों से जोड़ने वाला प्रतिष्ठित 'प्रवासी भारतीय दिवस' सम्मेलन इस बार कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह 19वां संस्करण होगा जो 7 से…
दुनिया भर में बसे भारतीय समुदाय को अपनी जड़ों से जोड़ने वाला प्रतिष्ठित 'प्रवासी भारतीय दिवस' सम्मेलन इस बार कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह 19वां संस्करण होगा जो 7 से 9 जनवरी, 2027 तक चलेगा। इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जबकि समापन सत्र की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी।
यह सम्मेलन विदेश मंत्रालय और पश्चिम बंगाल सरकार के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य विदेशों में बसे भारतीय समुदाय के साथ संबंधों को और गहरा करना और भारत व दुनिया के लिए उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना है। इस आयोजन में दुनिया भर से भारतीय प्रवासी, युवा नेता, कारोबारी, पेशेवर, शिक्षाविद और नवाचार से जुड़े लोग शामिल होंगे।
क्यों खास है प्रवासी भारतीय दिवस?
यह दिवस महात्मा गांधी के 9 जनवरी, 1915 को दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटने की ऐतिहासिक घटना की याद में मनाया जाता है। इसकी शुरुआत साल 2003 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हुई थी। 2015 से इस कार्यक्रम के प्रारूप में बदलाव करते हुए इसे हर दो साल में एक बार आयोजित किया जाने लगा। अधिकारियों के मुताबिक, इस बार के सम्मेलन में 'युवा प्रवासी भारतीय दिवस' का एक विशेष खंड भी शामिल होगा।
प्रवासी भारतीय सम्मान
सम्मेलन के समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 'प्रवासी भारतीय सम्मान' पुरस्कार प्रदान करेंगी। यह पुरस्कार किसी अनिवासी भारतीय (NRI), भारतीय मूल के व्यक्ति (PIO) या उनके द्वारा संचालित संगठन को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। यह उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने विदेश में भारत की छवि को बेहतर बनाने, भारतीय हितों का समर्थन करने और स्थानीय भारतीय समुदाय के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो। विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि पंजीकरण और कार्यक्रम से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।
इनपुट: IANS



