गाजियाबाद: पुलिस चौकी पर शक्तिशाली धमाका, डिलीवरी बॉय घायल, जांच में जुटीं टीमें
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वसुंधरा पुलिस चौकी पर एक शक्तिशाली धमाका हुआ। धमाके की गूंज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल…
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वसुंधरा पुलिस चौकी पर एक शक्तिशाली धमाका हुआ। धमाके की गूंज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में 20 वर्षीय एक फूड डिलीवरी कर्मचारी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, धमाके के समय चौकी के अंदर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। हालांकि, इसकी तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और एयर कंडीशनर (AC) यूनिट को भी नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि अर्थला निवासी विशाल नामक फूड डिलीवरी कर्मचारी उस वक्त डिलीवरी के लिए जा रहा था, जब टूटकर गिरे कांच के टुकड़ों से वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए दिल्ली के सूर्य नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में जुटीं फॉरेंसिक और बम निरोधक दस्ता
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जांच एजेंसियों के अधिकारी फौरन मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए, गाजियाबाद से फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को भी जांच के लिए बुलाया गया है। अधिकारी और विशेषज्ञ टीमें इस धमाके के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, अभी तक धमाके के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। फॉरेंसिक जांच और घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों के विश्लेषण के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ पाएगा कि यह धमाका किस वजह से और किन परिस्थितियों में हुआ।
इनपुट: IANS



