रामबन: UAPA के तहत PoK में रह रहे चार आतंकियों की करोड़ों की संपत्ति जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान तेज करते हुए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। रामबन जिले में, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में बसे चार आतंकवादियों की अचल संपत्तियों को गैर-कानूनी…
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान तेज करते हुए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। रामबन जिले में, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में बसे चार आतंकवादियों की अचल संपत्तियों को गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत जब्त कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य आतंकवाद के समर्थन नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि जब्त की गई कुल संपत्ति 13 कनाल और 13 मरला है, जिसका अनुमानित मूल्य 90 लाख रुपये से अधिक है। यह कदम आतंकवादियों और उनके सहयोगियों को अवैध रूप से अर्जित संपत्ति का उपयोग करने से रोकने की दिशा में उठाया गया है।
किन आतंकियों की संपत्ति हुई जब्त?
जिन चार आतंकवादियों की संपत्ति जब्त की गई है, उनकी पहचान अब्दुल रशीद, गुलाम रसूल, अब्दुल लतीफ नाइक और मुश्ताक अहमद के रूप में हुई है। ये सभी रामबन के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं और अब PoK में रह रहे हैं।
- गुलाम रसूल उर्फ बादशाह: कुंदन खारी निवासी इस आतंकी की खेवट संख्या 89 के तहत 10 कनाल जमीन जब्त हुई, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये है। इस पर केवल खेती का अधिकार था।
- अब्दुल लतीफ नाइक उर्फ सज्जाद: कूट खारी, बनिहाल के इस आतंकी की खेवट संख्या 107/108 के तहत तीन कनाल पैतृक जमीन जब्त की गई, जिसका मूल्य करीब 20 लाख रुपये है।
- अब्दुल रशीद उर्फ बशीर: जिनहाल, बनिहाल निवासी इस आतंकी की 11 मरला पैतृक जमीन (खेवट संख्या 22) को जब्त किया गया, जिसकी कीमत 9.25 लाख रुपये है।
- मुश्ताक अहमद: चरील, बनिहाल के रहने वाले इस आतंकी की दो मरला जमीन (खेवट संख्या 72) भी जब्त हुई, जिसका मूल्य लगभग 1.52 लाख रुपये है।
आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
इस कार्रवाई पर एसएसपी अरुण गुप्ता ने कहा, "रामबन पुलिस आतंकवाद के नेटवर्क और उसके समर्थकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।" पुलिस के अनुसार, इस तरह के कानूनी कदम कानून व्यवस्था बनाए रखने और कानून के शासन को मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे हैं। केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा बल आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ लगातार आक्रामक अभियान चला रहे हैं।
इनपुट: IANS



