गुरूवार, 30 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

पोलैंड में रहस्यमयी धमाका: यूक्रेन पर रूसी हमले के बीच गिरी अज्ञात वस्तु, 10 मीटर चौड़ा गड्ढा बना

यूक्रेन पर रूस के बड़े मिसाइल हमले के दौरान पोलैंड की सीमा में एक अज्ञात वस्तु के गिरने और धमाके से हड़कंप मच गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क…

पोलैंड में रहस्यमयी धमाका: यूक्रेन पर रूसी हमले के बीच गिरी अज्ञात वस्तु, 10 मीटर चौड़ा गड्ढा बना
(फोटो: IANS)

यूक्रेन पर रूस के बड़े मिसाइल हमले के दौरान पोलैंड की सीमा में एक अज्ञात वस्तु के गिरने और धमाके से हड़कंप मच गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने इसे पूरे यूरोप की सुरक्षा के लिए खतरा बताया है। बुधवार रात को हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

विज्ञापन

पोलैंड ने दावा किया है कि यूक्रेन की ओर से आई एक अनजान चीज़ ने उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया और ल्यूबलिन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मौके पर एक बड़ा धमाका हुआ, जिससे एक खेत में करीब दस मीटर चौड़ा गड्ढा बन गया। यह स्थान रिहायशी इलाके से लगभग दस किलोमीटर दूर है।

घटना और जांच

यूरो न्यूज ने पुलिस के हवाले से बताया कि तारनावा कोलोनिया इलाके के लोगों ने गुरुवार सुबह करीब चार बजे एक ज़ोरदार धमाके की आवाज़ सुनी, जिससे उनके घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। सूचना मिलने पर पुलिस को खेत में गड्ढा और किसी अज्ञात वस्तु का मलबा मिला। पोलैंड की सशस्त्र सेना कमान ने पुष्टि की कि एक एमआई-24 हेलीकॉप्टर ने घटनास्थल की पहचान कर ली है, जो आबादी से दूर एक खुले मैदान में है।

प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि इस घटना के बाद उन्होंने रक्षा मंत्री और संबंधित एजेंसियों के साथ एक समन्वय टीम की बैठक बुलाई है। उन्होंने बताया कि यह टीम कई घंटों से मौके पर काम कर रही है और उन्हें लगातार अपडेट दे रही है।

यूरोपीय संघ की प्रतिक्रिया

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने पोलैंड के हवाई क्षेत्र के उल्लंघन की निंदा की। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि रूस की आक्रामक कार्रवाई पूरे यूरोप की सुरक्षा के लिए खतरा है।" कोस्टा ने यूक्रेन और पोलैंड की सरकारों के साथ एकजुटता व्यक्त की और हमलों के पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने यह भी कहा कि यूरोपीय संघ यूक्रेन की हवाई सुरक्षा क्षमताओं, खासकर मिसाइल और ड्रोन-रोधी प्रणालियों को मजबूत करने में अपना समर्थन बढ़ाएगा।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →