न्यूज़ीलैंड की पहली आधिकारिक यात्रा पर जाएँगे PM मोदी, मुक्त व्यापार समझौते के बाद द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी नई दिशा
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के करीब दो महीने बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह न्यूज़ीलैंड की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं। न्यूज़ीलैंड के प्रधान
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के करीब दो महीने बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह न्यूज़ीलैंड की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं। न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इस यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि भारत उनके देश की आर्थिक समृद्धि के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्र है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीएम मोदी 10 जुलाई को ऑकलैंड पहुँचेंगे और 11 जुलाई को वहाँ से प्रस्थान करेंगे। शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में पीएम लक्सन ने कहा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते न्यूजीलैंड की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आएंगे।”
व्यापार और निवेश पर केंद्रित दौरा
यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को मज़बूत करने के लिहाज़ से अहम मानी जा रही है। अप्रैल में हुए मुक्त व्यापार समझौते का उल्लेख करते हुए क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा, “हम अप्रैल में हुए न्यूजीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते के जरिए दोनों देशों के रिश्तों को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं।” उन्होंने विश्वास जताया कि इस समझौते से 1.4 अरब की आबादी वाले भारतीय बाज़ार में न्यूज़ीलैंड की वस्तुओं और सेवाओं के लिए निर्यात के नए अवसर खुलेंगे, जिससे देश में रोज़गार बढ़ेगा और आर्थिक विकास को मज़बूती मिलेगी।
ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता
भारत और न्यूज़ीलैंड ने 16 मार्च 2025 को मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के लिए बातचीत की घोषणा की थी और इसे रिकॉर्ड 9 महीनों में पूरा कर लिया गया, जिससे यह अब तक का सबसे तेज़ी से पूरा होने वाला एफटीए बन गया। इस समझौते के तहत न्यूज़ीलैंड भारतीय निर्यात पर लगने वाला 100 प्रतिशत शुल्क समाप्त करेगा। साथ ही, न्यूज़ीलैंड भारत में 20 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश भी करेगा, जिससे दीर्घकालिक आर्थिक संबंध और प्रगाढ़ होंगे। यह समझौता विस्तृत ओशिनिया और प्रशांत द्वीप के बाज़ारों के लिए भी एक प्रवेश द्वार का काम करेगा।
कृषि क्षेत्र में सहयोग
मुक्त व्यापार समझौते के तहत कृषि क्षेत्र में सहयोग पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। न्यूज़ीलैंड ने भारत में कीवी, सेब और शहद उत्पादकों की उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार के लिए केंद्रित कार्य योजनाओं पर सहमति जताई है। इसके अलावा, न्यूज़ीलैंड से भारत में सेब, कीवी और मनुका शहद जैसे चुनिंदा कृषि उत्पादों के लिए बाज़ार पहुँच सुनिश्चित की जाएगी। सहयोग के अन्य क्षेत्रों में बागवानी, वानिकी, पशुधन, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन और शराब क्षेत्र भी शामिल हैं।
इनपुट: IANS



