सिक्किम: NHPC सुरंग हादसे में 7 की मौत, PM मोदी ने सीएम तमांग को हर संभव मदद का दिया आश्वासन
सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना की एक सुरंग में हुए हादसे में सात श्रमिकों की मौत हो गई है, जबकि बचाव अभियान अभी भी जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इस…
सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना की एक सुरंग में हुए हादसे में सात श्रमिकों की मौत हो गई है, जबकि बचाव अभियान अभी भी जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इस त्रासदी पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात कर गहरी चिंता व्यक्त की और केंद्र से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री ने झोलंगी के समरदुंग में स्थित एनएचपीसी तीस्ता स्टेज 6 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग की स्थिति का जायजा लिया। फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सिक्किम सरकार के मुताबिक, केंद्र के इस आश्वासन ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बचाव कार्य कर रहे राज्य प्रशासन को शक्ति और भरोसा प्रदान किया है।
युद्ध स्तर पर जारी बचाव कार्य
इस मुश्किल बचाव अभियान को अंजाम देने के लिए कई एजेंसियां युद्ध स्तर पर काम कर रही हैं। इनमें राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला प्रशासन, सिक्किम पुलिस और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा, रंगपो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीमें और स्थानीय स्वयंसेवक भी मौके पर मौजूद हैं। अभियान को और गति देने के लिए पाकयोंग और सिलीगुड़ी से विशेष बचाव दलों को भी बुलाया गया है।
मुख्यमंत्री ने की शांति की अपील
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से बचाव अभियान पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने और सुरक्षा के कड़े मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री तमांग ने मारे गए कर्मचारियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुश्किल समय में राज्य सरकार से पूरे सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने बचाव कर्मियों के साहस और समर्पण की भी सराहना की। साथ ही, उन्होंने आम जनता से शांत रहने, भ्रामक जानकारी न फैलाने और प्रभावितों के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।
इनपुट: IANS



