PM-किसान सम्मान निधि: 24वीं किस्त जारी, देश के 9 करोड़ से ज़्यादा किसानों के खातों में पहुँचे ₹18,680 करोड़
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत किसानों का इंतज़ार खत्म हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इस योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी है। गुजरात के बनासकांठा जिले के…
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत किसानों का इंतज़ार खत्म हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इस योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी है। गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी से एक बटन दबाकर उन्होंने देश भर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में सीधे 18,680 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि हस्तांतरित की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी गई है।
यह किस्त पीएम किसान उत्सव दिवस के अवसर पर आयोजित एक राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में जारी की गई। इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को वित्तीय सहायता देकर कृषि क्षेत्र में आय समर्थन को मज़बूत करना है। इसके तहत पात्र किसान परिवारों को नियमित अंतराल पर सीधी आर्थिक मदद दी जाती है, ताकि वे अपनी खेती और घरेलू ज़रूरतें पूरी कर सकें।
योजना का अब तक का सफ़र
इस नई किस्त को मिलाकर अब तक पीएम-किसान योजना की 24 किस्तों के ज़रिए देश के 11 करोड़ से ज़्यादा किसान परिवारों को कुल 4.47 लाख करोड़ रुपए से अधिक की सहायता प्रदान की जा चुकी है। वहीं, अगर सिर्फ़ गुजरात की बात करें तो वहाँ के 52.33 लाख से अधिक किसानों को 24वीं किस्त में 1,051 करोड़ रुपए से ज़्यादा मिले हैं। गुजरात में अब तक कुल 69.26 लाख लाभार्थी किसानों के खातों में 24,137 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है।
देशभर में हुए कार्यक्रम
भिलडी में हुए मुख्य कार्यक्रम का देशभर में सीधा प्रसारण किया गया। किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गुजरात में 34 जिला स्तरीय और 2,100 से ज़्यादा क्लस्टर स्तरीय आयोजन हुए। इन कार्यक्रमों में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर लाभार्थी किसानों को कृषि एवं बागवानी विभागों की विभिन्न योजनाओं से जुड़े स्वीकृति पत्र भी सौंपे गए।
अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर बनासकांठा जिले के लिए कई अन्य कृषि और पशुपालन परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 328.77 करोड़ रुपए की लागत वाला भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर, बनास डेयरी के दो कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र, एक आलू प्रसंस्करण इकाई का विस्तार और स्वचालित भंडारण प्रणाली का उद्घाटन शामिल है। इसके बाद प्रधानमंत्री का एकता नगर जाने का भी कार्यक्रम है, जहाँ वे राष्ट्रीय एकता दिवस से जुड़े आयोजनों में शामिल होंगे।
इनपुट: IANS



