बलूचिस्तान में दो युवकों की हत्या पर मानवाधिकार संगठनों ने उठाए सवाल, पाक बलों पर गंभीर आरोप
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में दो युवकों की मौत ने एक बार फिर जबरन गुमशुदगी और गैर-न्यायिक हत्याओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मानवाधिकार संगठनों ने इन घटनाओं के लिए पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को…
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में दो युवकों की मौत ने एक बार फिर जबरन गुमशुदगी और गैर-न्यायिक हत्याओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मानवाधिकार संगठनों ने इन घटनाओं के लिए पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को जिम्मेदार ठहराते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ये दोनों युवक कथित तौर पर पहले लापता हुए थे और बाद में उनके शव बरामद हुए।
पहला मामला केच जिले का है, जहां आदिल बलूच नामक युवक का शव 23 अक्टूबर को सर्नकिन इलाके से मिला। बलोच वॉइस फॉर जस्टिस (बीवीजे) नामक संगठन ने बताया कि आदिल को तीन दिन पहले ही कथित तौर पर जबरन लापता किया गया था।
अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों के शव मिले
बीवीजे के अनुसार, आदिल और तीन अन्य युवकों को कोहार बाजार में एक छापेमारी के दौरान पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और राज्य समर्थित समूहों ने हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। संगठन ने आदिल की मौत की परिस्थितियों पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, हिरासत में लिए गए अन्य तीन युवकों की जानकारी भी सार्वजनिक करने को कहा है।
इसी तरह की एक अन्य घटना पंजगुर जिले में सामने आई। बलोच यकजेहती समिति (बीवाईसी) ने जानकारी दी कि 14 अक्टूबर को रख्शान कौर क्षेत्र में 24 वर्षीय ड्राइवर बाबा बलूच का क्षत-विक्षत शव मिला था। संगठन का कहना है कि बाबा बलूच शव मिलने से 17 दिन पहले से लापता थे।
जांच और जवाबदेही की मांग
बीवाईसी ने आरोप लगाया कि बलूच समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है और कई लोगों की बिना किसी वजह के हत्या की जा रही है। संगठन ने कहा कि जबरन गुमशुदगी के बाद शव मिलने के ये मामले बेहद चिंताजनक हैं और नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। दोनों ही मानवाधिकार समूहों ने अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से इन घटनाओं पर ध्यान देने और पाकिस्तान से जवाबदेही की मांग करने की अपील की है। उनका कहना है कि जीवन और सुरक्षा का अधिकार सभी को है और इन मामलों में न्याय होना चाहिए।
इनपुट: IANS



