सोमवार, 23 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

पाकिस्तान: व्हाट्सएप पर ईशनिंदा का आरोप, ईसाई महिला को मिली मौत की सजा

पाकिस्तान की एक अदालत ने ईशनिंदा के मामले में 40 वर्षीय ईसाई महिला को मौत की सजा सुनाई है। 2021 में एक व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के आरोप में गिरफ्तार की गईं किरण नाम की यह महिला…

पाकिस्तान: व्हाट्सएप पर ईशनिंदा का आरोप, ईसाई महिला को मिली मौत की सजा
(फोटो: IANS)

पाकिस्तान की एक अदालत ने ईशनिंदा के मामले में 40 वर्षीय ईसाई महिला को मौत की सजा सुनाई है। 2021 में एक व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के आरोप में गिरफ्तार की गईं किरण नाम की यह महिला पिछले तीन साल से अपने बच्चों से अलग हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला एक मुस्लिम व्यक्ति की शिकायत पर शुरू हुआ था।

विज्ञापन

किरण, जो पेशे से एक पूर्व नर्स थीं, को 29 जुलाई 2021 को इस्लामाबाद स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया था। फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एफआईए) के साइबर क्राइम विंग ने उनके और उनके दो छोटे बेटों (उस समय 10 और 12 वर्ष) को हिरासत में लिया था। हालांकि, बाद में बेटों को छोड़ दिया गया।

क्या हैं पूरा मामला और आरोप?

यह कार्रवाई शिराज अहमद फारूकी नामक व्यक्ति की शिकायत पर हुई थी, जिसने आरोप लगाया था कि किरण ने एक व्हाट्सएप ग्रुप में ईशनिंदा से जुड़ी सामग्री साझा की। किरण कई ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप्स का हिस्सा थीं, जहां विभिन्न धर्मों के लोग चर्चा करते थे और वह अक्सर अपने ईसाई धर्म का बचाव करती थीं। शिकायतकर्ता फारूकी 'प्योर डिस्कशन्स' नामक एक ऐसे ही ग्रुप के संचालक थे। गिरफ्तारी के बाद किरण के खिलाफ पाकिस्तान के ईशनिंदा कानूनों की धारा 295-ए और 295-बी के तहत मामला दर्ज किया गया।

परिवार ने लगाए उत्पीड़न के आरोप

मीडिया से बात करते हुए किरण के पति ने एजेंसी पर परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया, "उन्होंने मेरे परिवार को परेशान किया और हमारे टेलीफोन, कंप्यूटर और अन्य कीमती सामान अपने कब्जे में ले लिए। हथियारों से लैस पुलिस ने हमें हिदायत दी कि हम अपनी जगह से न हिलें और अपने हाथ ऊपर रखें।" उन्होंने यह भी कहा कि एजेंसी ने बिना किसी पूर्व सूचना या गिरफ्तारी वारंट के उनकी पत्नी और दो बेटों को गिरफ्तार किया था।

अदालत का फैसला

लगभग तीन साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद, इस्लामाबाद में फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एफआईए) की अदालत ने 18 सितंबर 2024 को किरण को दोषी ठहराया। 'पीजे मीडिया' की एक रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने उन्हें मौत की सजा के साथ-साथ सात साल की जेल और 300,000 पाकिस्तानी रुपए (करीब 1,000 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना भी लगाया है। 'यूनाइटेड स्टेट्स कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम' (USCIRF) के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद किरण के परिवार के अन्य सदस्य कहीं छिप गए थे।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →