वेनेजुएला भूकंप: भारत के 'ऑपरेशन अमिस्ताद' को मिल रही सराहना, फील्ड अस्पताल में हो रहा घायलों का इलाज
वेनेजुएला में पिछले महीने आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत द्वारा भेजे गए मानवीय राहत मिशन 'ऑपरेशन अमिस्ताद' की काफी प्रशंसा हो रही है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, स्थानीय लोग भारतीय टीम के पेशेवर रवै
वेनेजुएला में पिछले महीने आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत द्वारा भेजे गए मानवीय राहत मिशन 'ऑपरेशन अमिस्ताद' की काफी प्रशंसा हो रही है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, स्थानीय लोग भारतीय टीम के पेशेवर रवैये और उनके द्वारा स्थापित फील्ड अस्पताल में दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता की सराहना कर रहे हैं।
यह मिशन 24 जून को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों के जवाब में शुरू किया गया था। इस आपदा में 2,000 से अधिक लोगों की जान चली गई और देश भर में बड़े पैमाने पर तबाही हुई। भारत की ओर से भेजी गई सहायता सामग्री 28 जून को वेनेजुएला पहुँची थी।
फील्ड अस्पताल में तुरंत इलाज
विदेश मंत्रालय द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किए गए वीडियो और तस्वीरों में भूकंप प्रभावित लोगों का भारतीय मेडिकल टीम द्वारा इलाज करते हुए दिखाया गया है। एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि भूकंप में घायल हुए एक मरीज को अस्पताल में तत्काल और बेहतरीन देखभाल मिली।
ला गुएरा राज्य के प्लाया ग्रांडे से आए एक व्यक्ति ने अपने मरीज के बारे में बताते हुए कहा, "उन्हें (मरीज को) डबल फिबुला फ्रैक्चर है और वे आज रात उनका ऑपरेशन करने वाले हैं।" उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि यह चोट भूकंप के दौरान लगी थी और कहा, "हम अभी-अभी पहुंचे हैं और हमें तुरंत देखभाल मिल गई। अब तक पूरी सर्विस बहुत अच्छी रही है।"
भारत का मानवीय प्रयास
इस राहत सामग्री में एक फील्ड अस्पताल यूनिट, दवाइयां, चिकित्सा उपकरण और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सहायता पहुँचने पर विश्वास जताया था कि इससे वेनेजुएला में चल रहे राहत कार्यों को मजबूती मिलेगी।
वेनेजुएला में भारतीय दूतावास ने भी 'एक्स' पर पोस्ट किया, "ऑपरेशन अमिस्ताद - वेनेजुएला में भारत के मानवीय राहत प्रयास को इसके व्यवसायिकता और सेवा की गुणवत्ता के लिए जनता से काफी सराहना मिली है।"
इनपुट: IANS



