स्विट्जरलैंड: रेव पार्टी में अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत और पांच लोग घायल
स्विट्जरलैंड के आरौ शहर में रविवार तड़के एक रेव पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में से कुछ की हाल…
स्विट्जरलैंड के आरौ शहर में रविवार तड़के एक रेव पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना स्थानीय समयानुसार देर रात करीब 2:30 बजे शहर के शाचेन इलाके में हुई।
आर्गौ कैंटोनल पुलिस ने हताहतों की संख्या की पुष्टि करते हुए बताया है कि अज्ञात हमलावरों की तलाश के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है। पुलिस के मुताबिक, लोगों के एक बड़े समूह ने कई राउंड फायरिंग की, हालांकि अपराध का मकसद और घटना के सटीक हालात अभी तक स्पष्ट नहीं हैं।
पुलिस का बड़ा तलाशी अभियान
इस वारदात के बाद पुलिस ने हॉर्स रेसिंग ट्रैक, स्विमिंग पूल और स्पोर्ट्स फील्ड के आसपास के पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। स्थानीय अखबार 'ब्लिक' के अनुसार, पुलिस प्रवक्ता वैनेसा रम्पोल्ड ने बताया कि गोलीबारी हॉर्स रेसिंग ट्रैक पर हुई। एहतियात के तौर पर, आरौ शहर के केंद्र और बाहरी इलाकों में भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लोगों से शाचेन इलाके से दूर रहने की अपील की है। बड़े पुलिस ऑपरेशन के कारण, आरौ स्विमिंग पूल को अगली सूचना तक के लिए बंद कर दिया गया है। आर्गौ कैंटोनल डिजास्टर रिस्पॉन्स यूनिट (KKE) और सेना का एक सुपर पूमा हेलीकॉप्टर भी घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



