पश्चिम बंगाल: फुटबॉल मैच के दौरान आसमानी बिजली का कहर, 11वीं के छात्र की मौत, 22 लोग झुलसे
पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले में एक फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई और 22 अन्य लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना…
पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले में एक फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई और 22 अन्य लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार शाम उस वक्त हुई जब तेज बारिश और आंधी से बचने के लिए खिलाड़ी और दर्शक एक पेड़ के नीचे जमा हुए थे, तभी उन पर आसमानी बिजली गिर पड़ी।
यह दुखद घटना लालगढ़ थाना क्षेत्र के कुमारबंध गांव में हुई, जहाँ विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। शुक्रवार को टूर्नामेंट का पहला दिन था। अचानक मौसम खराब होने पर मैच रोक दिया गया। खिलाड़ी और दर्शक पास के एक पेड़ के नीचे तिरपाल लगाकर बारिश से बचने की कोशिश कर रहे थे, जब बिजली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
सूचना मिलते ही लालगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पहले लालगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कुमारबंध गांव के ही रहने वाले 19 वर्षीय दीपेन मुर्मू के रूप में हुई है, जो 11वीं कक्षा का छात्र था।
शुरुआत में चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में जिला प्रशासन के निर्देश पर 17 अन्य घायलों को भी बेहतर इलाज के लिए वहीं भेज दिया गया। एक घायल व्यक्ति का इलाज लालगढ़ ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है।
प्रशासन ने दिया मदद का भरोसा
झारग्राम के पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने बताया कि पुलिस ने पीड़ितों को बचाने और अस्पताल पहुँचाने के लिए तुरंत कार्रवाई की। स्थानीय विधायक लक्ष्मीकांत साउ ने भी अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और कहा कि राज्य सरकार ने अधिकारियों को सभी के उचित इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया है।
इनपुट: IANS



