ओडिशा: जमीन का रिकॉर्ड बदलने के लिए मांगी 12,000 की रिश्वत, तहसीलदार और ड्राइवर गिरफ्तार
ओडिशा के कालाहांडी जिले में एक तहसीलदार को अपने ड्राइवर के साथ रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 2020 बैच के ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) अधिकारी चंदन कुमार नायक पर आरोप है कि उन्होंने…
ओडिशा के कालाहांडी जिले में एक तहसीलदार को अपने ड्राइवर के साथ रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 2020 बैच के ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) अधिकारी चंदन कुमार नायक पर आरोप है कि उन्होंने कृषि भूमि को आवासीय में बदलने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले एक जमीन मालिक से 12,000 रुपये की घूस ली थी।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नायक गोलामुंडा तहसील में तहसीलदार के पद पर तैनात थे। विजिलेंस विभाग ने एक शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर गुरुवार को यह कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने बताया कि नायक ने संशोधित 'रिकॉर्ड ऑफ राइट्स' (आरओआर) यानी भूमि रिकॉर्ड जारी करने के लिए 10,000 रुपये अपने लिए और 2,000 रुपये अपने ड्राइवर के लिए मांगे थे।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता ने 22 अक्टूबर 2026 को अपनी कृषि भूमि को 'घराबारी' (आवासीय) में बदलने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। संबंधित राजस्व निरीक्षक (आरआई) ने 2 नवंबर को अपनी जांच रिपोर्ट और नक्शा तहसीलदार के सामने पेश कर दिया था। इसके बावजूद, आरोप है कि तहसीलदार नायक ने फाइल पर आगे कोई कार्रवाई नहीं की और आवेदक से रिश्वत की मांग करने लगे।
रिश्वत देने में असमर्थ होने पर पीड़ित ने विजिलेंस अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद विभाग की टीम ने योजना बनाई और गुरुवार को नायक को उस वक्त रंगे हाथ पकड़ लिया, जब वह अपने ड्राइवर के माध्यम से 12,000 रुपये की रिश्वत ले रहा था। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और रिश्वत की पूरी रकम जब्त कर ली गई है।
आगे की जांच जारी
इस गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस विभाग ने आय से अधिक संपत्ति की जांच के लिए तहसीलदार नायक से जुड़े दो ठिकानों और उनके ड्राइवर के घर पर तलाशी शुरू कर दी है। कोरापुट विजिलेंस पुलिस स्टेशन में दोनों के खिलाफ 'भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018' की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि यह कार्रवाई ओडिशा विजिलेंस द्वारा बुधवार को की गई एक अन्य गिरफ्तारी के ठीक बाद हुई है, जिसमें दो वरिष्ठ कृषि अधिकारियों और एक एनजीओ के कार्यकारी निदेशक को 25.03 लाख रुपये से अधिक की सरकारी धनराशि का गबन करने के आरोप में पकड़ा गया था।
इनपुट: IANS



