ओडिशा: अंत्योदय गृह योजना को मिला दो साल का विस्तार, अब बनेंगे करीब 3 लाख अतिरिक्त घर
ओडिशा की मोहन चरण माझी सरकार ने राज्य की 'अंत्योदय गृह योजना' में बड़े बदलावों की घोषणा की है। सरकार ने इस योजना की समय-सीमा दो साल बढ़ाकर 2029 तक कर दी है और इसके तहत 2,91,666 अतिरिक्त घर बनाने का…
ओडिशा की मोहन चरण माझी सरकार ने राज्य की 'अंत्योदय गृह योजना' में बड़े बदलावों की घोषणा की है। सरकार ने इस योजना की समय-सीमा दो साल बढ़ाकर 2029 तक कर दी है और इसके तहत 2,91,666 अतिरिक्त घर बनाने का फैसला किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य उन गरीब और कमजोर परिवारों को पक्के घर मुहैया कराना है जो किसी अन्य आवास योजना के दायरे में नहीं आ पाए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस फैसले पर कहा, "राज्य में सभी को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।" इन बदलावों का ऐलान करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि इससे ज्यादा से ज्यादा लोग योजना का लाभ उठा सकेंगे। योजना का मूल लक्ष्य पांच लाख परिवारों को घर देना था, खासकर उन्हें जो 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के पात्र नहीं हैं।
बजट और निर्माण का नया खाका
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, योजना का कुल बजट 7,550 करोड़ रुपए ही रहेगा। हालांकि, सरकार ने मरम्मत कार्यों के लिए रखे गए 3,500 करोड़ रुपए को अब नए घरों के निर्माण में लगाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, पंचायती राज और पेयजल विभाग को नए लाभार्थियों की पहचान के लिए जल्द ही एक सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया गया है। वे परिवार जिन्हें पहले इस योजना में 48,500 रुपए या उससे कम की सहायता मिली थी, वे भी अतिरिक्त मदद के पात्र होंगे।
घर जल्दी बनाने पर अब ज्यादा प्रोत्साहन
सरकार ने तय समय में घर का निर्माण पूरा करने पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी बढ़ा दी है। अब पांच महीने के भीतर निर्माण पूरा करने वाले लाभार्थियों को 35,000 रुपए मिलेंगे, जबकि पहले यह राशि चार महीने में काम पूरा करने पर 20,000 रुपए थी। इसी तरह, जो लोग सात महीने में घर बना लेंगे, उन्हें 20,000 रुपए का प्रोत्साहन दिया जाएगा, जबकि पहले छह महीने में निर्माण पर 10,000 रुपए मिलते थे।
इनपुट: IANS



