जेनसेन हुआंग पर लगे आरोपों के बीच Nvidia के नियम चर्चा में, क्या बोर्ड उन्हें बिना जुर्म साबित हुए भी हटा सकता है?
दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी Nvidia के संस्थापक और CEO जेनसेन हुआंग इन दिनों एक कथित जासूसी मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बीच कंपनी के आंतरिक नियमों का एक प्रावधान ध्यान खींच रहा है…
दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी Nvidia के संस्थापक और CEO जेनसेन हुआंग इन दिनों एक कथित जासूसी मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बीच कंपनी के आंतरिक नियमों का एक प्रावधान ध्यान खींच रहा है, जिसके तहत निदेशक मंडल (Board of Directors) के पास उन्हें पद से हटाने की शक्ति है, भले ही उन पर कोई आपराधिक आरोप साबित न हुआ हो।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह जानकारी एनडीटीवी प्रॉफिट की एक रिपोर्ट में सामने आई है, जिसमें 12 मार्च, 2024 को अपडेट किए गए Nvidia के नियमों का हवाला दिया गया है। इन नियमों के मुताबिक, कंपनी के किसी भी अधिकारी को निदेशक मंडल के बहुमत वोट से किसी कारण के साथ या बिना कारण बताए भी हटाया जा सकता है। हालांकि, इस तरह के कदम के लिए शेयरधारकों की अनुमति भी ज़रूरी होगी।
शेयरधारकों और बोर्ड के अधिकार क्या हैं?
Nvidia के नियमों में निदेशकों और अधिकारियों को हटाने की प्रक्रिया साफ तौर पर बताई गई है। अगर किसी निदेशक को 'कारण बताकर' हटाना हो, तो इसके लिए शेयरधारकों का बहुमत वोट काफी है। लेकिन, बिना कोई वजह बताए किसी निदेशक को हटाने के लिए एक बड़ी शर्त है। इसके लिए कंपनी की कुल वोटिंग पावर के कम से कम 66.67% हिस्से का प्रतिनिधित्व करने वाले शेयरधारकों के वोट की जरूरत होगी। अधिकारियों को हटाने का अधिकार बोर्ड के पास है, लेकिन इसके लिए भी शेयरधारकों की मंजूरी एक अहम पहलू है।
आखिर यह पूरा मामला क्या है?
यह चर्चा तब शुरू हुई जब 8 नवंबर को Nvidia ने उन रिपोर्ट्स की स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की, जिनमें दावा किया गया था कि हुआंग को एक विदेशी खुफिया अभियान के तहत कथित तौर पर निजी संबंधों के जरिए निशाना बनाया गया। ये आरोप सिंगापुर स्थित कंपनी 'मेगास्पीड' की एक एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग से जुड़े हैं। मेगास्पीड Nvidia की एक बड़ी ग्राहक है, जिसने पिछले दो सालों में कंपनी से 4.8 अरब डॉलर से ज्यादा की चिप्स खरीदी हैं। अमेरिकी नीति-निर्माताओं का दावा है कि एलिस हुआंग को चीन के 'राज्य सुरक्षा मंत्रालय' ने जेनसेन हुआंग की जासूसी के लिए नियुक्त किया था।
चीन और मेगास्पीड ने आरोपों को नकारा
इस मामले में जेनसेन हुआंग ने अपने कर्मचारियों को एक ईमेल भेजकर अपने परिवार और सभी से माफी मांगी है। वहीं, चीन ने सोमवार को इन सभी दावों को "बेबुनियाद" बताते हुए खारिज कर दिया। सिंगापुर स्थित कंपनी 'मेगास्पीड' ने भी उन आरोपों से इनकार किया है कि वह Nvidia की चिप्स अवैध रूप से चीन भेज रही थी। कंपनी का कहना है कि अमेरिकी और मलेशियाई अधिकारियों के साथ-साथ खुद Nvidia की जांच में भी कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़ी अमेरिकी कंपनी के CEO को निजी संबंधों के चलते पद छोड़ना पड़ा हो। 2019 में मैकडॉनल्ड्स ने अपने CEO स्टीव ईस्टरब्रुक को और 2018 में इंटेल के CEO ब्रायन क्रजानिच को कंपनी की नीतियों का उल्लंघन करने वाले आपसी सहमति के संबंधों के कारण पद से हटा दिया था।
इनपुट: IANS



