बंगाल में JMB के स्लीपर सेल पर NIA की बड़ी कार्रवाई, असम से मिले सुरागों के आधार पर 5 ठिकानों पर छापे
पश्चिम बंगाल में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) के स्लीपर सेल को लेकर चल रही जांच के सिलसिले में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई हुई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
पश्चिम बंगाल में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) के स्लीपर सेल को लेकर चल रही जांच के सिलसिले में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई हुई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने राज्य के तीन जिलों में 5 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। यह पूरी कार्रवाई असम में दर्ज एक मामले की जांच का हिस्सा है।
जानकारी के अनुसार, NIA को कुछ खास सुराग मिले थे, जिसके बाद केंद्रीय एजेंसी की टीमों ने मंगलवार सुबह से ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। जिन इलाकों में यह छापेमारी की गई, उनमें दक्षिण 24 परगना जिले का डायमंड हार्बर, दक्षिण दिनाजपुर का हरिरामपुर और पूर्वी बर्दवान जिले के कुछ हिस्से शामिल हैं।
असम में गिरफ्तारी से खुले राज
इस कार्रवाई की जड़ें पिछले हफ्ते असम में हुई एक गिरफ्तारी से जुड़ी हैं। NIA ने वहां एक युवक को आतंकी गतिविधियों के संदेह में पकड़ा था। जांच में सामने आया कि वह JMB का एक सक्रिय सदस्य था। पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि बांग्लादेश के इस कट्टरपंथी संगठन का एक मॉड्यूल पश्चिम बंगाल में बेहद सक्रिय है।
आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि JMB बंगाल में स्लीपर सेल का नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए एक खास समुदाय के युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें संगठन में भर्ती किया जा रहा है। गिरफ्तार युवक के पास से मिले दस्तावेजों से इस सक्रिय मॉड्यूल के बारे में और भी पुख्ता जानकारी मिली, जिसके आधार पर बंगाल में इन छापों की योजना बनाई गई।
गौरतलब है कि इसी साल जुलाई में, पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने भी हामिद मंडल नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया था, जिसके तार जैश-ए-मोहम्मद और पाकिस्तान के आतंकी-आपराधिक समूह शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) से जुड़े पाए गए थे।
इनपुट: IANS



