बंगाल में NIA की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के सिलसिले में इमाम समेत 4 लोग गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी कनेक्शन के शक में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह ऑपरेशन बांग्लादेशी आतंकी संगठन 'जमात-उल-मुजाहिदीन…
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी कनेक्शन के शक में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह ऑपरेशन बांग्लादेशी आतंकी संगठन 'जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश' (JMB) के स्लीपर सेल के खिलाफ चल रही जांच का हिस्सा था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने राज्य में कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की।
गिरफ्तार किए गए लोगों में पूर्वी बर्दवान जिले के पालिशग्राम गांव की एक मस्जिद के इमाम पियार मोहम्मद शेख भी शामिल हैं, जिन्हें मंगलकोट थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। इसके अलावा तीन अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हुई है, जिनकी पहचान जुम्मन शेख, शहरुल पुरकैत और अब्दुल रफीक के रूप में हुई है।
कौन हैं ये गिरफ्तार संदिग्ध?
NIA अधिकारियों ने जुम्मन शेख को मीठापुकुर से और शहरुल पुरकैत को बलरामपुर से गिरफ्तार किया। वहीं, तीसरे संदिग्ध अब्दुल रफीक को दक्षिण 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर से पकड़ा गया। जांच में पता चला है कि जुम्मन शेख पेशे से दर्जी है और मूल रूप से असम के बारपेटा का रहने वाला है। अब्दुल रफीक के बारे में जानकारी मिली है कि वह बांग्लादेश स्थित एक आतंकी संगठन 'पूर्ब आकाश' (ईस्टर्न स्काई) का सक्रिय सदस्य है।
असम कनेक्शन और JMB का नेटवर्क
यह पूरी कार्रवाई असम में दर्ज एक मामले से जुड़ी है। पिछले हफ्ते NIA ने असम से एक युवक को आतंकी होने के संदेह में गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उस युवक ने JMB का सक्रिय सदस्य होने की बात कबूल की थी। उसने यह भी खुलासा किया कि पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश स्थित आतंकी संगठनों का एक मॉड्यूल सक्रिय है और JMB राज्य में स्लीपर सेल बनाने की कोशिश कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, संगठन एक खास समुदाय के युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें अपने साथ जोड़ने की फिराक में था।
असम में गिरफ्तार युवक से मिले दस्तावेजों और जानकारी के आधार पर ही NIA ने मंगलवार सुबह पश्चिम बंगाल में पांच जगहों पर समन्वित रूप से ये छापे और तलाशी अभियान चलाए।
इनपुट: IANS



