दिल्ली: एक्सपायर खाने पर नकली लेबल लगाकर बेच रहा था गिरोह, छापेमारी में हुआ खुलासा
दिल्ली के ओखला इलाके में एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जो एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थों पर फर्जी लेबल लगाकर उन्हें बाज़ार में बेच रहा था। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह गिरोह मैगी और बॉर्नविटा ज
दिल्ली के ओखला इलाके में एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जो एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थों पर फर्जी लेबल लगाकर उन्हें बाज़ार में बेच रहा था। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह गिरोह मैगी और बॉर्नविटा जैसे लोकप्रिय उत्पादों पर नकली एक्सपायरी डेट और पोषण संबंधी जानकारी छापकर उन्हें बेचता था।
यह मामला तब सामने आया जब एक शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने पुलिस टीम के साथ ओखला औद्योगिक क्षेत्र में एक गोदाम पर छापा मारा। वहां बड़ी मात्रा में एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थ बरामद किए गए।
बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने इस धोखाधड़ी की कड़ी निंदा करते हुए इसे बच्चों पर हमला बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "बॉर्नविटा और मैगी जैसे उत्पादों पर फर्जी लेबल लगाकर बेचना भारत के बच्चों पर हमला है।"
प्रियंक कानूनगो ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह गोदाम का निरीक्षण करते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में वह अधिकारियों से मामले की जानकारी लेते और डिब्बों पर असली लेबल के ऊपर चिपकाए गए नकली लेबलों की जांच करते नजर आ रहे हैं। इन नकली लेबलों पर गलत एक्सपायरी डेट और पोषण की जानकारी दी गई थी।
कार्रवाई अभी जारी
प्रियंक कानूनगो ने बताया, "दिल्ली के ओखला में शिकायत मिलने के बाद छापेमारी की गई। यहां एक गिरोह पकड़ा गया, जो खुद ही नकली एक्सपायरी डेट और पोषण संबंधी जानकारी (न्यूट्रिशन वैल्यू चार्ट) छापकर उत्पादों पर फर्जी लेबल लगा रहा था और फिर उन्हें बेच रहा था। कार्रवाई अभी जारी है, बाकी जानकारी बाद में दी जाएगी।"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां लोग एक्सपायर हो चुके विदेशी या घरेलू ब्रांड के खाद्य उत्पादों को सस्ते में खरीदकर, उनकी नई पैकिंग और फर्जी लेबल लगाकर बड़े स्टोर और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बेच देते हैं। इस मामले में भी आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई चल रही है।
इनपुट: IANS



