तेलंगाना: हाईवे पर डिवाइडर से टकराई कार, आग लगने से न्यूरोसर्जन की जिंदा जलकर मौत
तेलंगाना के सूर्यापेट जनपद में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक डॉक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना हैदराबाद-खम्मम हाईवे पर तब हुई जब डॉक्टर की कार डिवाइडर से…
तेलंगाना के सूर्यापेट जनपद में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक डॉक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना हैदराबाद-खम्मम हाईवे पर तब हुई जब डॉक्टर की कार डिवाइडर से टकरा गई और उसमें आग लग गई। मृतक की पहचान खम्मम के ममता अस्पताल में कार्यरत न्यूरोसर्जन डॉक्टर जगदीश के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर जगदीश अपनी कार से खम्मम की ओर जा रहे थे। पिल्लालमरी के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। डॉक्टर जगदीश कार के अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए।
जांच के लिए फोरेंसिक टीम मौके पर
राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने जले हुए अवशेषों को इकट्ठा कर जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। तेलंगाना के पूर्व मंत्री और खम्मम से विधायक रहे पुव्वाडा अजय कुमार ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
हैदराबाद में एक और हादसा
वहीं, हैदराबाद में भी एक अन्य सड़क हादसे में तीन साल के बच्चे की जान चली गई। संतोषनगर के आईएस सदन के पास शनिवार रात को यह घटना हुई। इजहानुद्दीन नाम का बच्चा अपने पिता मोहिउद्दीन के साथ एक होटल गया था। जब उसके पिता खाने का पार्सल लेने में व्यस्त थे, तभी बच्चा होटल से बाहर निकलकर सड़क पर दौड़ गया और एक कार ने उसे कुचल दिया। बच्चे को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
इनपुट: IANS



