केरल: महिला और बच्ची की नृशंस हत्या, राष्ट्रीय महिला आयोग ने पुलिस से मांगी रिपोर्ट
केरल के पलक्कड़ जिले के अट्टापडी इलाके में एक महिला और एक बच्ची की नृशंस हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस भयावह घटना का राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वतः संज्ञान लेते हुए केरल पुलिस से एक…
केरल के पलक्कड़ जिले के अट्टापडी इलाके में एक महिला और एक बच्ची की नृशंस हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस भयावह घटना का राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वतः संज्ञान लेते हुए केरल पुलिस से एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) सौंपने को कहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीड़ितों के क्षत-विक्षत शव बोरियों में भरकर भवानी नदी के किनारे फेंके हुए पाए गए थे।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने केरल के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर इस मामले में कई कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य संदिग्ध की तत्काल गिरफ्तारी, किसी भी संभावित सहयोगी की पहचान करने और एक निष्पक्ष व गहन जांच सुनिश्चित करने को कहा है। आयोग ने फोरेंसिक सबूतों को सुरक्षित रखने और पीड़ित परिवार को कानूनी प्रक्रिया के दौरान हरसंभव सहायता प्रदान करने पर भी जोर दिया। आयोग ने स्पष्ट किया कि "महिलाओं और बच्चों के जीवन, सम्मान और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।"
जांच का केंद्र एक प्रवासी मजदूर
इस मामले की जांच में पुलिस का शक एक प्रवासी मजदूर पर केंद्रित हो गया है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया जा रहा है। जांचकर्ताओं के अनुसार, यह व्यक्ति लगभग 25 दिन पहले अपनी पत्नी और पांच साल की बेटी के साथ इस इलाके में आया था। पुलिस को संदेह है कि मृतकों में उसकी पत्नी और बेटी ही हो सकती हैं, हालांकि उनकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि अभी बाकी है। हत्या का एक संभावित कारण आरोपी का अपनी पत्नी पर शक करना बताया जा रहा है।
कोयंबटूर से मिला अहम सुराग
पुलिस को जांच में एक महत्वपूर्ण सुराग उस बोरी से मिला है, जिसमें शव के अंग रखे गए थे। बोरी पर लिखी जानकारी से पता चला कि इसे कोयंबटूर से अट्टापडी के कोट्टाथरा स्थित एक दुकान पर अन्य सामान के साथ लाया गया था। पुथुर पुलिस अब इस सुराग के आधार पर अट्टापडी और तमिलनाडु सीमा से सटे इलाकों की थोक व खुदरा दुकानों की गहन जांच कर रही है। पुलिस बोरी पर दर्ज बैच नंबर और अन्य निशानों की भी पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है कि इन बोरियों को किसने खरीदा था।
इनपुट: IANS



