सैम पित्रोदा ने नक्सलवाद पर रखी राय, कहा — 'हिंसा से आंदोलन का मूल उद्देश्य ही बदल जाता है'
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने नक्सलवाद को एक विचारधारा बताते हुए कहा है कि किसी भी रूप में हिंसा स्वीकार्य नहीं है और इससे किसी भी आंदोलन का मूल उद्देश्य ही भटक जाता है। उन्होंने…
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने नक्सलवाद को एक विचारधारा बताते हुए कहा है कि किसी भी रूप में हिंसा स्वीकार्य नहीं है और इससे किसी भी आंदोलन का मूल उद्देश्य ही भटक जाता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बातचीत के जरिए ही मुद्दों का समाधान निकाला जाना चाहिए।
समाचार एजेंसी IANS के साथ एक विशेष बातचीत में पित्रोदा ने पिछले चार दशकों में नक्सलवाद के बदलते स्वरूप पर अपनी राय रखी। उन्होंने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए बताया कि उस समय नक्सलवाद को लेकर उनकी समझ यह थी कि यह ऐसे चरमपंथियों का आंदोलन है, जिन्हें लगता था कि उन्हें उनका वाजिब हिस्सा नहीं मिला। पित्रोदा के अनुसार, उनकी सोच थी कि अमीर और ताकतवर लोगों ने मिलकर उन्हें पीछे छोड़ दिया है।
असमानता और हिंसा पर विचार
पित्रोदा ने नक्सलवाद की जड़ों को संसाधनों के असमान बंटवारे और असमानता से जोड़ते हुए कहा कि यह स्थिति आज भी दुनिया के कई हिस्सों में मौजूद है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि समय के साथ इस समस्या का स्तर और स्वरूप बदल गया है। उन्होंने कहा, "इतिहास में आज जितने अमीर और ताकतवर लोग हैं, उतने पहले कभी नहीं रहे।"
कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि जब तक कोई मुद्दा विचारधारा के स्तर पर रहता है, उस पर चर्चा और बहस हो सकती है। उन्होंने कहा, "लोग एक मेज पर बैठकर अपनी असहमति और सहमति व्यक्त कर सकते हैं, लेकिन जब कोई आंदोलन हिंसा का रास्ता अपना लेता है तो उसका मूल उद्देश्य ही बदल जाता है।"
वैश्विक संघर्षों का दिया हवाला
अपनी बात को और स्पष्ट करने के लिए पित्रोदा ने गाजा, यूक्रेन समेत दुनिया के अन्य हिस्सों में जारी संघर्षों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, "मैं गाजा, यूक्रेन, नक्सलवाद या दुनिया के किसी अन्य हिस्से में होने वाली हिंसा को सही नहीं मानता। हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि इससे समस्याएं और गंभीर हो जाती हैं।"
उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध से लेकर कोरिया, वियतनाम, अफगानिस्तान और इराक जैसे कई युद्धों का जिक्र करते हुए कहा कि इन सबका अंत में कोई खास नतीजा नहीं निकलता। पित्रोदा ने कहा, "लोग मारे जाते हैं, संपत्ति नष्ट हो जाती है। हमने देखा है कि हथियारों पर अरबों-खरबों खर्च किए जाते हैं और निर्दोष लोग भुगतते हैं।" उन्होंने यह भी साफ किया कि वे नक्सलवाद के विशेषज्ञ नहीं हैं, लेकिन उनका मानना है कि हिंसा का रास्ता अपनाने से पूरा आंदोलन ही बदल गया।
इनपुट: IANS



