MRF: बिक्री बढ़ी लेकिन मुनाफा घटा, जानिए नतीजों पर क्यों पड़ा लागत का दबाव
भारत की प्रमुख टायर निर्माता कंपनी एमआरएफ लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। सितंबर में समाप्त हुई इस तिमाही में कंपनी की आय तो बढ़ी, लेकिन कच्चे माल की बढ़ती…
भारत की प्रमुख टायर निर्माता कंपनी एमआरएफ लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। सितंबर में समाप्त हुई इस तिमाही में कंपनी की आय तो बढ़ी, लेकिन कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण इसका मुनाफा काफी घट गया। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का शुद्ध लाभ पिछले साल की तुलना में लगभग 28% कम हो गया है।
जुलाई-सितंबर 2026 की तिमाही में एमआरएफ का मुनाफा 369 करोड़ रुपए रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 512 करोड़ रुपए था। मुनाफे में यह गिरावट तब आई है जब कंपनी की बिक्री में अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखी गई। इस दौरान कंपनी की कुल आय 17.6% बढ़कर 8,524 करोड़ रुपए हो गई, जो पिछले साल 7,250 करोड़ रुपए थी।
लागत बढ़ने से मार्जिन पर असर
बिक्री बढ़ने के बावजूद मुनाफे में कमी का मुख्य कारण कंपनी के बढ़ते खर्च हैं। आंकड़ों के अनुसार, इस तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 21.8% बढ़कर 8,269.77 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। इसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी कच्चे माल की लागत की रही, जो पिछले साल के 4,577.49 करोड़ रुपए के मुकाबले 43% बढ़कर 6,552.57 करोड़ रुपए हो गई।
इस बढ़ी हुई इनपुट लागत ने कंपनी के ऑपरेटिंग मार्जिन पर सीधा असर डाला। कंपनी का EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 16.3% घटकर 913 करोड़ रुपए रह गया। वहीं, EBITDA मार्जिन पिछले साल के 15% से घटकर 10.7% पर आ गया।
निवेशकों के लिए क्या?
कंपनी के नतीजों का असर प्रति शेयर कमाई (EPS) पर भी दिखा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 1,243.60 रुपए से घटकर 912.46 रुपए रह गई है। इन सबके बीच, एमआरएफ के बोर्ड ने अपने शेयरधारकों के लिए 3 रुपए प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड (लाभांश) को मंजूरी दी है। इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 17 नवंबर तय की गई है।
इनपुट: IANS



