पुरी में बहुदा यात्रा के दौरान फिर हादसा, रथ खींचते समय दम घुटने से एक श्रद्धालु की मौत
ओडिशा के पुरी में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की बहुदा यात्रा के दौरान एक और श्रद्धालु की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, भारी भीड़ के बीच दम घुटने से 57 वर्षीय अभिराम दास की मृत्यु हो गई…
ओडिशा के पुरी में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की बहुदा यात्रा के दौरान एक और श्रद्धालु की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, भारी भीड़ के बीच दम घुटने से 57 वर्षीय अभिराम दास की मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह घटना इस महीने रथ यात्रा से जुड़ी तीसरी मौत है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक कटक जिले के रहने वाले थे। हादसा शुक्रवार शाम को उस वक्त हुआ जब अभिराम दास बगला धर्मशाला के पास देवी सुभद्रा के रथ 'दर्पदलना' को खींच रहे थे। भारी भीड़ के कारण वे अचानक बीमार पड़ गए। उन्हें फौरन पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से इस मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
रथ यात्रा के दौरान पिछली मौतें
यह दुखद घटना 16 जुलाई को हुई रथ यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं की मौत के दो हफ्ते से भी कम समय में हुई है। उस समय हुई मौतों में से एक का कारण भारी भीड़ में दम घुटना और दूसरे का दिल का दौरा पड़ना बताया गया था।
विपक्षी दलों ने तब कुप्रबंधन के आरोप लगाए थे, लेकिन सरकार ने किसी भी तरह की भगदड़ से इनकार करते हुए दो मौतों की बात स्वीकारी थी। 20 जुलाई को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 16 जुलाई को जान गंवाने वाले दोनों श्रद्धालुओं—कटक के अनिल दास और मुंबई के अशोक सुबारे रायकर—के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी।
क्या है बहुदा यात्रा?
बहुदा यात्रा भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की नौ दिवसीय गुंडिचा मंदिर यात्रा के बाद श्री जगन्नाथ मंदिर में वापसी का प्रतीक है। शुक्रवार को इस यात्रा में शामिल होने और रथ खींचने के लिए लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंचे थे।
इनपुट: IANS



