माइक्रोसॉफ्ट में बड़ा बदलाव: भारत समेत चार देशों में हज़ारों कर्मचारियों को स्वैच्छिक इस्तीफे का विकल्प
दुनिया की सबसे बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक माइक्रोसॉफ्ट ने अपने हज़ारों कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का एक विकल्प दिया है। यह कार्यक्रम भारत, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में लागू…
दुनिया की सबसे बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक माइक्रोसॉफ्ट ने अपने हज़ारों कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का एक विकल्प दिया है। यह कार्यक्रम भारत, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में लागू किया गया है। कंपनी ने यह कदम ऐसे समय उठाया है जब वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर अपना खर्च बढ़ा रही है और साथ ही अपने वेतन ढांचे को संतुलित करने की कोशिश कर रही है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने सोमवार को कर्मचारियों को भेजे एक संदेश और अपने आधिकारिक ब्लॉग में इस स्वैच्छिक निकास कार्यक्रम (Voluntary Exit Program) की जानकारी दी। कंपनी की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन ने इसे एक सीमित अवधि का कार्यक्रम बताया है। उन्होंने कहा कि इसके तहत पात्र कर्मचारियों को वित्तीय सहायता और करियर प्लानिंग से जुड़े संसाधनों के साथ कंपनी छोड़ने का विकल्प दिया जाएगा।
कौन हैं पात्र और कौन सी टीमें हैं शामिल?
यह योजना लेवल-70 या उससे नीचे के कर्मचारियों के लिए है। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि कुल कितने कर्मचारी इसके लिए पात्र होंगे, लेकिन रिपोर्टों में यह संख्या लगभग 60,000 बताई जा रही है। यह कंपनी के कुल 2.23 लाख कर्मचारियों का करीब 27 प्रतिशत हिस्सा है। भारत में इस योजना के दायरे में आने वाले कर्मचारियों की संख्या स्पष्ट नहीं की गई है।
कंपनी ने यह भी साफ किया है कि सभी टीमें इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं। रिपोर्टों के अनुसार, कोपायलट, कोरएआई, विंडोज एंड डिवाइसेज, एक्सबॉक्स, फाइनेंस और मानव संसाधन जैसी महत्वपूर्ण टीमें इसमें शामिल हैं। वहीं, मार्केटिंग, कमर्शियल बिजनेस, क्वांटम और सिक्योरिटी जैसी टीमों को इससे बाहर रखा गया है।
क्या है इस्तीफे की समय-सीमा?
इस स्वैच्छिक निकास योजना को चुनने वाले कर्मचारियों को दिसंबर तक अपना फैसला लेना होगा। जो कर्मचारी इस प्रस्ताव को स्वीकार करेंगे, वे 31 दिसंबर को कंपनी से अलग हो जाएंगे। यह कार्यक्रम माइक्रोसॉफ्ट द्वारा एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटरों में भारी निवेश के बीच आया है। इससे पहले जुलाई में कंपनी ने एक्सबॉक्स और कमर्शियल सेल्स टीमों से लगभग 4,800 कर्मचारियों की छंटनी की योजना की भी घोषणा की थी।
इनपुट: IANS



