दिल्ली: करोल बाग के PG और बवाना की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह दो अलग-अलग इलाकों में आग लगने की बड़ी घटनाओं से हड़कंप मच गया। एक घटना मध्य दिल्ली के करोल बाग में हुई, जहां एक पेइंग गेस्ट (PG) आवास वाली इमारत आग की चपेट…
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह दो अलग-अलग इलाकों में आग लगने की बड़ी घटनाओं से हड़कंप मच गया। एक घटना मध्य दिल्ली के करोल बाग में हुई, जहां एक पेइंग गेस्ट (PG) आवास वाली इमारत आग की चपेट में आ गई। वहीं, दूसरी घटना बाहरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र की है, जहां हेलमेट बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दोनों ही मामलों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
करोल बाग के चना मार्केट स्थित एक इमारत में सुबह करीब 10:59 बजे आग लगने की सूचना दिल्ली फायर सर्विस को मिली। पुलिस ने बताया कि इस इमारत के निचले तलों पर चमड़े के जूते बनाने की एक छोटी फैक्ट्री थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर पीजी चलाया जा रहा था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं, जिनमें एक वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर और एक ब्रीदिंग अपरेटस सपोर्ट यूनिट शामिल थी।
बवाना की हेलमेट फैक्ट्री में भी आग
इससे पहले, सुबह करीब 9:30 बजे बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना-पुठ खुर्द औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक चार मंजिला हेलमेट फैक्ट्री में आग लग गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैली। इस घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियों को भेजा गया और बचाव अभियान शुरू किया गया।
'मेक-4' श्रेणी की घोषित हुई आग
करोल बाग में आग के तेजी से फैलने और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसे सुबह 11:06 बजे के करीब 'मेक-4' श्रेणी की आग घोषित कर दिया गया। इसके बाद अतिरिक्त दमकलकर्मियों और संसाधनों को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकल विभाग आग बुझाने के साथ-साथ इमारत में राहत और बचाव कार्य में भी जुटा रहा। फिलहाल, दोनों घटनाओं में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इनपुट: IANS



