दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार की हत्या: पार्थिव शरीर इंफाल पहुँचा, न्याय के लिए उठी आवाज़
दिल्ली में कथित तौर पर पीट-पीटकर मार दिए गए मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके गृह नगर इंफाल पहुँच गया, जहाँ परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों ने नम आँखों से उन्हें अंतिम…
दिल्ली में कथित तौर पर पीट-पीटकर मार दिए गए मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके गृह नगर इंफाल पहुँच गया, जहाँ परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों ने नम आँखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 54 वर्षीय गिटारिस्ट का शव पहुँचते ही माहौल बेहद भावुक हो गया।
विक्रम सिंह, जो एक संगीत शिक्षक भी थे, की मौत 7 सितंबर को दिल्ली के किलोकारी गाँव में हुई थी। आरोप है कि उन्होंने अपने अपार्टमेंट के बाहर हो रहे शोर-शराबे पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद डिलीवरी कर्मचारियों और एक ढाबे के स्टाफ के समूह ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
न्याय और कड़ी सज़ा की माँग
हवाई अड्डे पर मौजूद विक्रम के भाई चोंगथम विवेक ने इस घटना को परिवार और पूरे मणिपुर के लिए गहरा दुख बताया। उन्होंने कहा, "यह राज्य और देश भर के लोगों के लिए बहुत दुखद और पीड़ादायक पल था।" विवेक ने कहा कि उनके भाई की मौत न केवल परिवार के लिए, बल्कि पूरे म्यूजिक जगत के लिए एक नुकसान है। उन्होंने अधिकारियों से जाँच जल्द पूरी करने और दोषियों को कड़ी सज़ा देने की अपील की।
इसी बीच, प्रसिद्ध गायक सदानंद हामोम ने दोषियों के लिए मौत की सज़ा की माँग करते हुए पूर्वोत्तर के लोगों के साथ होने वाले नस्लीय भेदभाव पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने विक्रम सिंह को "बहुत मिलनसार और जमीन से जुड़े व्यक्ति" बताते हुए उनकी हत्या को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
नस्लीय भेदभाव का एंगल और जाँच की मांग
इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा और उनके खिलाफ होने वाले नस्लीय भेदभाव को लेकर बहस छेड़ दी है। मणिपुर स्टूडेंट्स एसोसिएशन दिल्ली (एमएसएडी) और नॉर्थ ईस्ट इंडिया सपोर्ट सेंटर एंड हेल्पलाइन (एनईआईएससीएच) समेत कई संगठनों ने हत्या की कड़ी निंदा की है। इन संगठनों ने आशंका जताई है कि यह एक नस्लीय हमला हो सकता है और इसके पीछे के मकसद की गहन जाँच की माँग की है।
मंगलवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने दिल्ली की अपनी समकक्ष रेखा गुप्ता से आग्रह किया था कि वे इस मामले की उच्च-स्तरीय जाँच में तेजी लाएँ और यह सुनिश्चित करें कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
इनपुट: IANS



