जम्मू: बर्थडे पार्टी में चेहरे पर केक मला, दोस्त ने गुस्से में चाकू से ले ली जान
जम्मू में एक जन्मदिन पार्टी का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब दोस्तों के बीच हुआ एक छोटा-सा मज़ाक जानलेवा बन गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरुवार को एक युवक ने अपने जन्मदिन पर चेहरे पर केक…
जम्मू में एक जन्मदिन पार्टी का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब दोस्तों के बीच हुआ एक छोटा-सा मज़ाक जानलेवा बन गया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरुवार को एक युवक ने अपने जन्मदिन पर चेहरे पर केक लगाए जाने से नाराज़ होकर अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना लोअर रूप नगर इलाके की है, जहाँ नीरज उर्फ अंशु सड़क पर अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था। पार्टी में पवन नायर उर्फ समीर, जॉन सोट्रा, गौरव सिंह और सुगंध भट्टी मौजूद थे। नीरज का भाई रिशु भी उसके साथ था।
मामूली कहासुनी बनी मौत की वजह
शुरुआती जांच में सामने आया है कि केक काटने के दौरान पवन नायर ने मज़ाक में नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मौके पर मौजूद अन्य दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
गुस्से में आकर नीरज ने अपने पास रखा चाकू निकाला और पवन की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त उसे फौरन जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने वहाँ उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी भाई पुलिस हिरासत में
अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। जानीपुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नीरज और उसके भाई रिशु को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने की कोशिश की जा रही है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इनपुट: IANS



