नेतन्याहू की गिरफ्तारी पर न्यूयॉर्क के मेयर का यू-टर्न, कहा- हमारे पास अधिकार नहीं
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोरान ममदानी अपने उस चुनावी वादे से पीछे हट गए हैं, जिसमें उन्होंने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के शहर आने पर उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही थी। समाचार एजेंसी IANS…
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोरान ममदानी अपने उस चुनावी वादे से पीछे हट गए हैं, जिसमें उन्होंने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के शहर आने पर उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही थी। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक विस्तृत कानूनी समीक्षा के बाद ममदानी ने स्पष्ट किया है कि उनके प्रशासन के पास इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) के वारंट को लागू करने का स्वतंत्र अधिकार नहीं है।
मेयर ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो बयान में कहा, “मेरे प्रशासन ने लागू कानून के तहत उपलब्ध हर रास्ते की समीक्षा की है... यह स्पष्ट है कि हमारे पास इस वारंट को लागू करने का स्वतंत्र कानूनी अधिकार नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि यह अधिकार संघीय सरकार के पास है और अमेरिका को ICC में शामिल होकर उसके वारंट को लागू करना चाहिए, क्योंकि अमेरिका अभी इस कोर्ट का सदस्य नहीं है।
नेतन्याहू पर रुख वही, बताया 'युद्ध अपराधी'
हालांकि कानूनी तौर पर पीछे हटने के बावजूद, ममदानी ने नेतन्याहू पर अपनी तीखी आलोचना जारी रखी। उन्होंने नेतन्याहू को एक "युद्ध अपराधी" और "फिलिस्तीनी लोगों के खिलाफ भयानक नरसंहार का सूत्रधार" बताया। उन्होंने कहा कि वह ICC के इस फैसले से सहमत हैं कि नेतन्याहू को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन पर मुकदमा चलना चाहिए।
मेयर ने यह भी साफ किया कि इजराइली नेता का न्यूयॉर्क में स्वागत नहीं है। उन्होंने कहा, "न्यूयॉर्क शहर में बेंजामिन नेतन्याहू का स्वागत नहीं है और न ही किसी अन्य खुले घूम रहे युद्ध अपराधी का।"
ट्रम्प प्रशासन से गिरफ्तारी की अपील
अपने प्रशासन की सीमाओं को स्वीकार करते हुए, मेयर ने गेंद संघीय सरकार के पाले में डाल दी। उन्होंने ट्रम्प प्रशासन से आग्रह किया कि जब नेतन्याहू सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए न्यूयॉर्क आएं, तो उन्हें गिरफ्तार किया जाए। यह घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान के एक दिन बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि नेतन्याहू को उनकी अमेरिकी यात्रा के दौरान हिरासत में नहीं लिया जाएगा।
इस बीच, नेतन्याहू के कार्यालय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए ICC को एक 'कंगारू कोर्ट' बताया है, जिसका अमेरिकियों या इजरायलियों पर कोई अधिकार-क्षेत्र नहीं है।
इनपुट: IANS



