नगरपालिका भर्ती घोटाला: ED के सामने पेश हुए TMC विधायक मदन मित्रा, कहा- भ्रष्टाचार से कोई लेना-देना नहीं
पश्चिम बंगाल में नगरपालिकाओं में नौकरियों से जुड़े कथित घोटाले की जांच के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के विधायक मदन मित्रा बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश हुए। समाचार एजेंसी IANS के…
पश्चिम बंगाल में नगरपालिकाओं में नौकरियों से जुड़े कथित घोटाले की जांच के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के विधायक मदन मित्रा बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश हुए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मित्रा दोपहर करीब 12:30 बजे कोलकाता के साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ED के दफ्तर पहुंचे।
पूछताछ के लिए दफ्तर में दाखिल होने से पहले कमरहाटी से विधायक मदन मित्रा ने मीडिया से बात की। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनका किसी भी तरह के वित्तीय भ्रष्टाचार से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे जांच प्रक्रिया में सहयोग करने के अपने वादे को पूरा करने के लिए केंद्रीय एजेंसी के कार्यालय आए हैं। हालांकि, उन्होंने इस सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया कि क्या उनका हाल ही में तृणमूल के बागी गुट में शामिल होने का फैसला ED के नोटिस के कारण था।
मामले की पृष्ठभूमि और जांच का दायरा
यह मामला उत्तरी 24 परगना जिले की टीटागढ़ नगरपालिका से जुड़ा है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी को मिली जानकारी से पता चला है कि वहां कथित तौर पर कम से कम 125 लोगों को नकद या सोने के बदले नौकरी दी गई थी। इसी मामले में मदन मित्रा का नाम सामने आया है। जांच के तहत पिछले हफ्ते ईडी के अधिकारियों ने मित्रा के दोनों बेटों और उनकी पत्नी से भी पूछताछ की थी।
इससे पहले, 13 जून को ईडी ने मदन मित्रा के दो ठिकानों पर छापेमारी की थी। इनमें दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर और शहर के बाहरी इलाके कमारहाटी में स्थित उनके घर शामिल थे। इसी दिन कोलकाता और आसपास के सात अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया था।
CBI भी कर रही है मामले की जांच
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भी नगरपालिका भर्ती में अनियमितताओं के इसी मामले में मित्रा के घर पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया था। हाल ही में, इसी जांच के सिलसिले में सीबीआई ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री सुजीत बोस और उनके बेटे के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत चार्जशीट भी दाखिल की है।
इनपुट: IANS



