तमिलनाडु में फिर भारी बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा बढ़ा
बंगाल की खाड़ी में बन रहे एक कम दबाव के क्षेत्र के कारण तमिलनाडु के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह मौसमी सिस्टम अगले 24 घंटों में एक…
बंगाल की खाड़ी में बन रहे एक कम दबाव के क्षेत्र के कारण तमिलनाडु के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह मौसमी सिस्टम अगले 24 घंटों में एक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है, जिसका सीधा असर राज्य के तटीय और आंतरिक हिस्सों पर पड़ेगा। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस संभावित चक्रवात को देखते हुए कई इलाकों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को उत्तरी तटीय क्षेत्रों, पश्चिमी घाट से सटे जिलों और कई भीतरी इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मदुरै, तिरुचिरापल्ली, नमक्कल, सलेम, इरोड और करूर जैसे जिलों में भी इसी तरह की बारिश का अनुमान है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।
इन जिलों में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए विशेष रूप से भारी बारिश की चेतावनी दी है। 2 और 3 नवंबर (सोमवार और मंगलवार) को कुड्डालोर और विल्लुपुरम जिलों में लगातार दो दिन भारी बारिश हो सकती है, क्योंकि खाड़ी में मौसमी सिस्टम और मजबूत होने की संभावना है। इसके अलावा, 2 नवंबर को नीलगिरी और तिरुवल्लूर जिलों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है। आने वाले दिनों में पश्चिमी घाट के जिलों और उत्तरी तमिलनाडु के कुछ स्थानों पर भी मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
चेन्नई में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी चेन्नई में रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर के कुछ हिस्सों में गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, यह बारिश पूरे शहर में एक साथ न होकर कुछ चुनिंदा इलाकों तक ही सीमित रहने की संभावना है।
इनपुट: IANS



