नीलगिरी में रिहायशी इलाके तक पहुंचा तेंदुआ, CCTV वीडियो वायरल होने से ग्रामीणों में डर
तमिलनाडु के नीलगिरी जिले में एक बार फिर इंसान और तेंदुए के बीच टकराव की आशंका बढ़ गई है। जिले के कोटागिरी के पास ओरासोलाई गांव में एक तेंदुए को रिहायशी इलाके में घूमते हुए देखा गया है, जिसका CCTV…
तमिलनाडु के नीलगिरी जिले में एक बार फिर इंसान और तेंदुए के बीच टकराव की आशंका बढ़ गई है। जिले के कोटागिरी के पास ओरासोलाई गांव में एक तेंदुए को रिहायशी इलाके में घूमते हुए देखा गया है, जिसका CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, CCTV फुटेज में तेंदुआ एक घर के सामने सड़क पर चलता हुआ और फिर आबादी वाले इलाके से गुजरता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस हालिया घटना में किसी व्यक्ति पर हमले या किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है, लेकिन ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि किसी बड़े हादसे से पहले ही तेंदुए को वापस जंगल में भेजा जाना चाहिए।
पुराने हमलों की दर्दनाक यादें
नीलगिरी और पास के वालपराई जैसे बागान क्षेत्रों में तेंदुए के हमलों का एक दुखद इतिहास रहा है, जिसमें अक्सर बागान मजदूरों के बच्चों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इसी साल 6 जनवरी को पंडालुर के पास बिथेरकाड फॉरेस्ट रेंज में एक चाय बागान में तेंदुए के हमले में तीन साल की बच्ची नैंसी की मौत हो गई थी। वह अपनी मां के साथ घर लौट रही थी।
इससे पहले, 21 दिसंबर 2023 को एलामन्ना में सरिता नाम की एक महिला पर हमला हुआ था, जिनकी इलाज के दौरान 29 दिसंबर को मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद, वन विभाग ने एक तेंदुए को पकड़कर चेन्नई के अरिगनार अन्ना जूलॉजिकल पार्क के बचाव केंद्र में भेजा था।
क्षेत्र में तेंदुए के हमले की अन्य घटनाएं
कोयंबटूर जिले के वालपराई में भी ऐसी कई घटनाएं दर्ज की गई हैं। अक्टूबर 2024 में अप्सरा नाम की एक बच्ची की चाय बागान में मौत हो गई थी। जून 2025 में, चार साल की रोशनी कुमारी को पचमलाई एस्टेट में उसके घर के पास से एक तेंदुआ उठा ले गया था। इसी तरह, दिसंबर 2025 में इयेरपाड़ी टी एस्टेट में मजदूर क्वार्टर के बाहर खेलते समय पांच वर्षीय सैफुल आलम तेंदुए का शिकार बन गया था।
जानवरों पर हमलों की भी खबरें हैं। जुलाई 2025 में, इरोड जिले के सत्यमंगलम टाइगर रिजर्व के पास हसनूर में एक तेंदुए ने दो बछड़ों को मार डाला था और एक को घायल कर दिया था। ओरासोलाई के ग्रामीण अब मांग कर रहे हैं कि वन विभाग इस मुद्दे को गंभीरता से ले ताकि इंसानों और वन्यजीवों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इनपुट: IANS



