कोलकाता होटल अग्निकांड: दो महीने से फरार आखिरी आरोपी सबा जफर हावड़ा से गिरफ्तार
इस साल अगस्त में कोलकाता के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड की आखिरी फरार आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हादसे में एक बच्चे समेत नौ लोगों की जान चली गई थी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार…
इस साल अगस्त में कोलकाता के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड की आखिरी फरार आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हादसे में एक बच्चे समेत नौ लोगों की जान चली गई थी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कोलकाता पुलिस ने सबा जफर नाम की महिला को पड़ोसी जिले हावड़ा के शिबपुर स्थित उसके ठिकाने से पकड़ा। वह दो महीने से अधिक समय से पुलिस को चकमा दे रही थी।
यह मामला मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर स्थित 'होटल शिखा इन' से जुड़ा है, जहाँ 18 और 19 अगस्त की दरमियानी रात आग लग गई थी। सबा जफर और उसके पति अबू जफर ने यह होटल मूल मालिक बीरेश्वर मोइत्रा से पट्टे (lease) पर लिया हुआ था। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने अबू जफर और बीरेश्वर मोइत्रा को तो गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन सबा फरार होने में कामयाब हो गई थी।
लगातार ठिकाने बदल रही थी आरोपी
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए सबा जफर पहले उत्तर प्रदेश भाग गई थी और लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। हाल ही में पुलिस को मुखबिरों से उसके शिबपुर में छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इसी सूचना के आधार पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया गया।
कैसे हुआ था दर्दनाक हादसा?
आग उस इमारत की तीसरी मंजिल पर लगी थी, जिसमें होटल शिखा इन के अलावा कई और लॉज भी थे। आग लगने के बाद होटल के कमरे तेजी से घने धुएं से भर गए, जिसके चलते ज्यादातर लोगों की मौत दम घुटने से हुई। मृतकों में अधिकांश बांग्लादेशी नागरिक थे, जो इलाज के लिए कोलकाता आए हुए थे।
जांच में यह भी सामने आया था कि होटल के मूल मालिक बीरेश्वर मोइत्रा ने जफर दंपति को यह होटल 40,000 रुपये प्रति माह के किराए पर दिया था। हादसे के बाद अबू जफर की गिरफ्तारी तो हो गई थी, लेकिन उसकी पत्नी सबा बुधवार को अपनी गिरफ्तारी तक पुलिस की पकड़ से बाहर थी।
इनपुट: IANS



