कोलकाता भगदड़: पीड़ितों के इलाज के बजाय प्रेस कॉन्फ्रेंस का आरोप, 8 मेडिकल इंटर्न को कारण बताओ नोटिस
कोलकाता के चोरबागन दुर्गा पूजा पंडाल में पिछले महीने हुई भगदड़ की घटना में एक नया मोड़ आया है। इस मामले में कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आठ मेडिकल इंटर्न पर गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर आरोप है कि…
कोलकाता के चोरबागन दुर्गा पूजा पंडाल में पिछले महीने हुई भगदड़ की घटना में एक नया मोड़ आया है। इस मामले में कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आठ मेडिकल इंटर्न पर गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर आरोप है कि जिस रात भगदड़ के घायलों को इलाज के लिए लाया जा रहा था, वे अपनी ड्यूटी छोड़कर मीडिया से बात कर रहे थे।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन आठों इंटर्न को मंगलवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें तीन दिनों के भीतर यह बताने के लिए कहा गया है कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। अस्पताल प्रशासन ने इस मामले की जानकारी ईमेल के जरिए इंटर्न के अभिभावकों को भी दे दी है।
ड्यूटी में लापरवाही का गंभीर आरोप
यह मामला 17 अक्टूबर की रात का है, जब उत्तरी कोलकाता के एक पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 श्रद्धालुओं की जान चली गई थी। आरोप है कि जब घायलों और मृतकों को अस्पताल लाया जा रहा था, तब ये आठों इंटर्न मीडिया के सामने अस्पताल में सुविधाओं और दवाओं की कमी की शिकायत कर रहे थे। राज्य स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर अब यह कार्रवाई की गई है।
कॉलेज के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "इंटर्न से काम से अनुपस्थित रहने का कारण पूछा गया है। उन्हें यह स्पष्ट करना होगा कि नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के लिए उन पर कार्रवाई क्यों न की जाए।"
अस्पताल ने दवाओं की कमी के दावे को नकारा
अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि इंटर्न द्वारा दवाओं की कमी का दावा झूठा पाया गया। उन्होंने कहा, "हमने और राज्य स्वास्थ्य विभाग ने छात्रों के दवाओं की कमी के दावे की जांच की। यह आरोप सच नहीं था।" अस्पताल प्रशासन ने इस दावे को पहले ही "पूरी तरह से बेबुनियाद" बताया था। IANS के अनुसार, जिन इंटर्न को नोटिस मिला है, उन्होंने फिलहाल इस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इनपुट: IANS



