मंगलुरु: रैगिंग के नाम पर हैवानियत, जूनियर्स को अगवा कर पीटा, 9 सीनियर छात्रों पर केस
कर्नाटक के मंगलुरु में रैगिंग के एक भयावह मामले ने शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ श्रीनिवास यूनिवर्सिटी के नौ सीनियर छात्रों पर अपने ही कॉलेज के दो जूनियर छात्रों को अगवा करने, उन्हें…
कर्नाटक के मंगलुरु में रैगिंग के एक भयावह मामले ने शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ श्रीनिवास यूनिवर्सिटी के नौ सीनियर छात्रों पर अपने ही कॉलेज के दो जूनियर छात्रों को अगवा करने, उन्हें निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटने के आरोप लगे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ितों की शिकायत के बाद मंगलुरु साउथ पुलिस ने सभी नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित छात्र, जो केरल के रहने वाले हैं और पांडेश्वर स्थित श्रीनिवास यूनिवर्सिटी में बीबीए के प्रथम वर्ष में पढ़ते हैं, उन्होंने अपनी शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाले वाकये का जिक्र किया है। आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें न सिर्फ बंधक बनाया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।
अगवा कर बेरहमी से मारपीट
शिकायत के अनुसार, यह घटना 19 अगस्त की दोपहर को हुई जब दोनों पीड़ित छात्र कॉलेज के बाहर थे। तभी आरोपी छात्रों ने उन्हें जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बिठाया और एक सुनसान कमरे में ले गए। वहाँ उन्हें कपड़े उतारकर सिर्फ अंडरवियर में रहने को मजबूर किया गया। मदद के लिए चिल्लाने पर उनका मुँह बंद कर दिया गया और मारपीट शुरू कर दी गई।
आरोपों के मुताबिक, नसीद अमीर नाम के छात्र ने बेल्ट से, आदिल एम ने हैंगर से और रेहान एम.पी. ने लोहे के नकलबस्टर से हमला किया। शिकायत में कहा गया है कि अगर नकलबस्टर के वार सीधे लगते तो चोटें जानलेवा हो सकती थीं। वहीं, अशराक नाम के एक अन्य छात्र ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड कर लिया।
धमकियों के कारण शिकायत में हुई देरी
पीड़ितों के साथ क्रूरता यहीं नहीं रुकी। जब उन्होंने पानी मांगा तो रोहन रमेश नाम के आरोपी ने उन्हें गंदा पानी दिया और पीने से मना करने पर उन पर फेंक दिया। शिकायतकर्ता अमीर अली ने यह भी बताया कि उवैस नाम के आरोपी ने उन्हें धमकी दी कि अगर उन्होंने पुलिस को कुछ बताया तो कॉलेज के अंदर ही उनके टुकड़े-टुकड़े कर दिए जाएंगे।
इस खौफनाक घटना के बाद भी आरोपियों का उत्पीड़न जारी रहा। IANS के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, नसीद अमीर ने कॉलेज कैंपस में भी पीड़ितों को परेशान किया। इन्हीं धमकियों के डर से पीड़ितों ने तुरंत शिकायत दर्ज नहीं कराई। आखिरकार, उन्होंने अपने परिवार को पूरी बात बताई और 23 सितंबर को पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने आरोपी छात्रों— नसीद अमीर, आदिल एम, अशराक, अनीश, उवैस, रोहन रमेश, आदिल वी.पी., रेहान एम.पी. और शिनास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
इनपुट: IANS



