भारतीय विनिर्माण क्षेत्र में मजबूती कायम, विदेशी ऑर्डरों ने दी रफ्तार
अक्टूबर के महीने में भी भारत के विनिर्माण क्षेत्र (Manufacturing Sector) ने अपनी मजबूत रफ्तार बनाए रखी है। एचएसबीसी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) के आंकड़ों से यह जानकारी…
अक्टूबर के महीने में भी भारत के विनिर्माण क्षेत्र (Manufacturing Sector) ने अपनी मजबूत रफ्तार बनाए रखी है। एचएसबीसी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) के आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई है, जो इस दौरान 54.7 पर दर्ज किया गया। हालांकि यह आंकड़ा सितंबर के 55.1 से थोड़ा कम है, लेकिन यह लगातार विस्तार का संकेत दे रहा है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मजबूती में विदेशी बाजारों से मिली मांग की अहम भूमिका रही। अक्टूबर में नए निर्यात ऑर्डरों में पिछले छह महीनों की सबसे तेज बढ़ोतरी देखी गई। इससे भारतीय कंपनियों को बांग्लादेश, कनाडा, इंडोनेशिया, नेपाल, ओमान, सऊदी अरब, श्रीलंका, ब्रिटेन, अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों से अच्छे ऑर्डर मिले।
उत्पादन और नए ऑर्डर की स्थिति
कुल मिलाकर नए ऑर्डरों में वृद्धि की रफ्तार सितंबर की तुलना में थोड़ी धीमी जरूर हुई, लेकिन यह ऐतिहासिक औसत से अब भी मजबूत बनी हुई है। सर्वे में शामिल कंपनियों ने इसका श्रेय बेहतर मांग, नए ग्राहकों के जुड़ने और सफल प्रचार अभियानों को दिया। उत्पादन और नए ऑर्डर की गति में मामूली कमी के बावजूद, विनिर्माण गतिविधियां मजबूत बनी रहीं। उल्लेखनीय है कि पीएमआई का 50 से ऊपर रहना गतिविधियों में विस्तार को दिखाता है, जबकि 50 से नीचे का आंकड़ा संकुचन का संकेत देता है। अक्टूबर का 54.7 का आंकड़ा इस क्षेत्र के दीर्घकालिक औसत से भी बेहतर है।
भंडारण और लागत का दबाव
भविष्य में कच्चे माल की संभावित कमी और वैश्विक अनिश्चितताओं को देखते हुए कंपनियों ने अपने भंडार को बढ़ाना जारी रखा। समाचार एजेंसी के अनुसार, कंपनियों ने पिछले आठ महीनों में सबसे तेज गति से कच्चे माल का स्टॉक जमा किया, ताकि उत्पादन में कोई रुकावट न आए। वहीं, लागत के मोर्चे पर कुछ राहत देखने को मिली। एचएसबीसी की मुख्य भारत अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मजबूत मांग मिलने के कारण नए निर्यात ऑर्डर में छह महीनों की सबसे तेज बढ़ोतरी हुई। इससे उत्पादन में भी अच्छी वृद्धि दर्ज की गई।" उन्होंने यह भी बताया कि कुछ कच्चे माल और ऊर्जा की लागत बढ़ने के बावजूद, कुल उत्पादन लागत और तैयार वस्तुओं की कीमतों पर दबाव पिछले महीने की तुलना में थोड़ा कम हुआ।
रोजगार और भविष्य का भरोसा
एसएंडपी ग्लोबल द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, कंपनियों ने कर्मचारियों की भर्ती जारी रखी, हालांकि इसकी रफ्तार कुछ धीमी रही। इसके साथ ही, आने वाले समय में कारोबार की संभावनाओं को लेकर कंपनियों के भरोसे में भी कुछ कमजोरी दर्ज की गई। प्रांजुल भंडारी ने स्पष्ट किया, "अक्टूबर में भारत का विनिर्माण पीएमआई सितंबर के 55.1 से घटकर 54.7 पर आ गया, लेकिन यह अब भी विस्तार के मजबूत दायरे में है और अपने दीर्घकालिक औसत से ऊपर बना हुआ है।"
इनपुट: IANS



