भारत में सोने पर कर्ज का चलन बढ़ा, गोल्ड लोन पोर्टफोलियो 23 लाख करोड़ रुपये के पार
भारत में सोने को गिरवी रखकर कर्ज लेने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, देश का कुल गोल्ड लोन पोर्टफोलियो सितंबर 2026 तक सालाना आधार पर 60.6% की जबरदस्त बढ़त के साथ 23.3 लाख करोड़…
भारत में सोने को गिरवी रखकर कर्ज लेने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, देश का कुल गोल्ड लोन पोर्टफोलियो सितंबर 2026 तक सालाना आधार पर 60.6% की जबरदस्त बढ़त के साथ 23.3 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया। यह वृद्धि छोटे कर्जों के बजाय बड़ी रकम वाले लोन की बढ़ती मांग को दर्शाती है।
सीआरआईएफ क्रेडिट इंफॉर्मेशन सर्विसेज (CRIF Credit Information Services) की इस रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, यह आंकड़ा सितंबर 2024 के 10.7 लाख करोड़ रुपये से दोगुने से भी ज्यादा है। इसी अवधि में, सक्रिय गोल्ड लोन खातों की संख्या भी 8.1 करोड़ से बढ़कर 10.2 करोड़ हो गई, जो 14% की वृद्धि है। देश के कुल 185.2 लाख करोड़ रुपये के खुदरा ऋण (Retail Loan) में अब गोल्ड लोन की हिस्सेदारी 12.6% हो गई है, जो एक साल पहले के मुकाबले 3.3% अधिक है।
कर्ज की रकम बढ़ी, खातों की संख्या घटी
रिपोर्ट एक दिलचस्प ट्रेंड की ओर इशारा करती है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कुल 8.15 लाख करोड़ रुपये के गोल्ड लोन बांटे गए, जो पिछले साल की इसी अवधि से 27.2% ज्यादा है। हालांकि, इसी दौरान नए गोल्ड लोन खातों की संख्या सालाना आधार पर 4.1% घटकर 369.4 लाख रह गई। इससे साफ है कि अब लोग प्रति खाता पहले से कहीं ज्यादा बड़ी रकम का कर्ज ले रहे हैं।
महिलाएं और छोटे शहर भी आगे
गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों की कुल संख्या में भी बड़ा उछाल आया है। सितंबर 2023 में जहां 3.7 करोड़ ग्राहक थे, वहीं सितंबर 2026 तक यह संख्या 15.6% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) के साथ 5.6 करोड़ तक पहुंच गई।
खास बातें:
- महिला कर्जधारकों की संख्या में 16% की सीएजीआर के साथ और भी तेज वृद्धि देखी गई, जो अब 2.4 करोड़ हो गई है।
- टियर-3 और उससे छोटे शहरों में गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या 16.1% की सीएजीआर से बढ़कर 3.7 करोड़ हो गई है।
- कुल गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का 35.1% हिस्सा, यानी 8.2 लाख करोड़ रुपये, प्राथमिकता वाले क्षेत्रों (priority sectors) को दिया गया।
जोखिम के मिले-जुले संकेत
रिपोर्ट के अनुसार, कर्ज चुकाने में देरी से जुड़े जोखिम के आंकड़े मिले-जुले रहे। 31 से 180 दिनों की देरी वाले कर्ज (Portfolio at Risk) का हिस्सा सितंबर 2025 के 2% से घटकर सितंबर 2026 में 1.7% रह गया, जो एक सुधार का संकेत है। हालांकि, जून 2026 से सितंबर 2026 के बीच, 31 से 900 दिनों की देरी वाले पोर्टफोलियो में तिमाही आधार पर 0.4% की मामूली वृद्धि भी दर्ज की गई।
इनपुट: IANS



