विदेशी बाज़ारों में बढ़ रहा भारतीयों का रुझान, अगस्त में दोगुना हुआ निवेश: RBI डेटा
भारतीय निवेशक अब विदेशी शेयर और बॉन्ड बाज़ारों में पहले से कहीं ज़्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अगस्त में भारतीयों ने उदारीकृत प्रेषण…
भारतीय निवेशक अब विदेशी शेयर और बॉन्ड बाज़ारों में पहले से कहीं ज़्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अगस्त में भारतीयों ने उदारीकृत प्रेषण योजना (LRS) के तहत विदेशी इक्विटी और डेट में 321.53 मिलियन डॉलर का निवेश किया। यह रकम पिछले साल इसी महीने के 152.18 मिलियन डॉलर के मुकाबले 111 प्रतिशत ज़्यादा है, जो एक साल में दोगुने से भी अधिक की बढ़ोतरी दर्शाता है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह निवेश कुल LRS Remittance (विदेश भेजे गए धन) का 11.7 प्रतिशत हिस्सा है। दिलचस्प बात यह है कि एक साल पहले अगस्त में इसकी हिस्सेदारी केवल 5.8 प्रतिशत थी। यह आंकड़ा वैश्विक वित्तीय बाज़ारों में भारतीय निवेशकों की बढ़ती भागीदारी का साफ़ संकेत है। हालांकि, मासिक आधार पर देखें तो जुलाई के मुकाबले इस निवेश में 7 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई। इस श्रेणी में अब तक का रिकॉर्ड निवेश इसी साल जून में 460 मिलियन डॉलर रहा था।
विदेश में कुल खर्च भी बढ़ा
RBI के आंकड़ों से पता चलता है कि अगस्त 2026 में LRS के तहत भेजा गया कुल धन बढ़कर 2.74 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल के 2.64 अरब डॉलर से 3.6 प्रतिशत ज़्यादा है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान इस योजना के तहत कुल 28.98 अरब डॉलर विदेश भेजे गए थे।
सबसे बड़ा खर्च विदेश यात्रा पर
LRS के तहत होने वाले खर्चों में सबसे बड़ी हिस्सेदारी अब भी विदेश यात्रा की है। भारतीयों ने अगस्त 2026 में अपनी यात्राओं पर 1.63 अरब डॉलर खर्च किए, जो कुल भेजे गए धन का लगभग 59 प्रतिशत है। इसमें कारोबारी यात्राओं पर होने वाले खर्च में ज़बरदस्त उछाल देखा गया, जो जुलाई के 10.9 मिलियन डॉलर से लगभग पांच गुना बढ़कर अगस्त में 51 मिलियन डॉलर पर पहुंच गया।
अन्य प्रमुख खर्चों में शामिल हैं:
- रिश्तेदारों का भरण-पोषण: 275.43 मिलियन डॉलर
- उपहार (Gifts): 215.72 मिलियन डॉलर
- विदेशी बैंकों में जमा: 50.78 मिलियन डॉलर
- विदेश में अचल संपत्ति की खरीद: 39.59 मिलियन डॉलर
- चिकित्सा उपचार: 4.84 मिलियन डॉलर (21.3% की वृद्धि)
इनपुट: IANS



