ट्रंप प्रशासन के दबाव की आशंकाओं के बीच फेडरल रिजर्व प्रमुख ने कहा- मैं बस अपना काम करूंगा
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष केविन वार्श ने केंद्रीय बैंक की स्वतंत्रता की रक्षा करने का संकल्प लिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ब्याज दरों को लेकर राजनीतिक दबाव बनाए जाने की आशंकाओं पर उन्
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष केविन वार्श ने केंद्रीय बैंक की स्वतंत्रता की रक्षा करने का संकल्प लिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ब्याज दरों को लेकर राजनीतिक दबाव बनाए जाने की आशंकाओं पर उन्होंने साफ कहा कि वे ऐसी किसी भी स्थिति में अपना काम करते रहेंगे। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, वार्श ने यह टिप्पणी मंगलवार को प्रतिनिधि सभा की वित्तीय सेवा समिति के समक्ष अपनी पहली उपस्थिति के दौरान की।
डेमोक्रेटिक सांसदों ने वार्श से व्हाइट हाउस और फेडरल रिजर्व के संबंधों को लेकर कई तीखे सवाल किए। उनकी यह चिंता इस पृष्ठभूमि में है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने ब्याज दरों के मुद्दे पर वार्श के पूर्ववर्ती, जेरोम पॉवेल की सार्वजनिक रूप से कई बार आलोचना की थी।
सांसदों के सीधे सवाल और फेड प्रमुख के जवाब
सुनवाई के दौरान डेमोक्रेटिक सांसद नाइडिया वेलाज़क्वेज़ ने सीधे पूछा, "क्या आप डोनाल्ड ट्रंप के लिए काम करते हैं? हां या नहीं।" इस पर वार्श ने जवाब दिया, "हम एक स्वतंत्र केंद्रीय बैंक हैं और हमें अपनी स्वतंत्रता पर गर्व है। यह स्वतंत्रता हमें कांग्रेस ने दी है।"
जब वेलाज़क्वेज़ ने आगे पूछा कि यदि राष्ट्रपति या उनका प्रशासन ब्याज दर नीति पर मतदान को लेकर उन पर या अन्य गवर्नरों पर दबाव डालता है तो वे क्या करेंगे, वार्श ने कहा, "मैं अपना काम करता रहूँगा।" शुरुआत में उन्होंने इस काल्पनिक स्थिति पर टिप्पणी से इनकार किया था और कहा था कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही मौद्रिक नीति में फेड की स्वतंत्रता को मान्यता दे चुका है।
राजनीति से मुक्त रखने का वादा
वार्श ने यह स्वीकार किया कि फेडरल रिजर्व के बाहर का माहौल अत्यधिक राजनीतिक है, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वे बैंक के फैसलों को इससे पूरी तरह अलग रखेंगे। उन्होंने कहा, "फेडरल रिजर्व की चारदीवारी के बाहर काफी राजनीति है, इसमें कोई संदेह नहीं है। लेकिन केंद्रीय बैंक के भीतर मेरा लक्ष्य है कि राजनीति के लिए कोई जगह न हो। यदि वहां कहीं राजनीति है, तो हम उसे खत्म करेंगे।"
सांसद मैक्सीन वॉटर्स द्वारा संस्था की स्वतंत्रता की रक्षा करने के बारे में पूछे जाने पर वार्श ने कहा कि पद संभालने के बाद शुरुआती छह-सात हफ्तों में उन्होंने "स्वतंत्रता और सुधार—दोनों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता" दिखाई है। उन्होंने सांसदों को यह भी आश्वासन दिया कि केंद्रीय बैंक अपने कानूनी अधिकार-क्षेत्र के भीतर ही काम करेगा और बाहरी राजनीतिक विवादों से दूर रहेगा।
इनपुट: IANS



