अमेरिकी बाजार में Hyundai और Kia का दबदबा, हाइब्रिड-EV की मांग ने अक्टूबर में बिक्री के रिकॉर्ड तोड़े
अमेरिकी ऑटोमोबाइल बाजार में दक्षिण कोरियाई कंपनियों हुंडई मोटर और किआ ने अक्टूबर महीने में अपनी अब तक की सबसे बेहतरीन बिक्री दर्ज की है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कंपनियों की…
अमेरिकी ऑटोमोबाइल बाजार में दक्षिण कोरियाई कंपनियों हुंडई मोटर और किआ ने अक्टूबर महीने में अपनी अब तक की सबसे बेहतरीन बिक्री दर्ज की है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कंपनियों की इस ऐतिहासिक कामयाबी के पीछे हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) की जबरदस्त मांग एक मुख्य वजह रही।
हुंडई मोटर अमेरिका ने अक्टूबर में कुल 73,452 वाहन बेचे, जो पिछले साल इसी महीने के 70,118 वाहनों के मुकाबले 5 प्रतिशत ज़्यादा है। यह कंपनी के लिए किसी भी अक्टूबर महीने का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वहीं, किआ अमेरिका ने इस दौरान 80,008 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 16 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है।
हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की धूम
आंकड़े बताते हैं कि ग्राहक पारंपरिक पेट्रोल-डीजल गाड़ियों के बजाय इको-फ्रेंडली विकल्पों को ज़्यादा पसंद कर रहे हैं। हुंडई के मामले में, हाइब्रिड वाहनों की बिक्री में सालाना आधार पर 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह महीने की कुल बिक्री का 29 प्रतिशत हिस्सा रही। जनवरी से अक्टूबर की अवधि में तो हाइब्रिड बिक्री 50 प्रतिशत तक बढ़ गई। इलेक्ट्रिक सेगमेंट में भी हुंडई की आयॉनिक 5 (Ioniq 5) की बिक्री 21 प्रतिशत बढ़कर 1,981 यूनिट पर पहुंच गई।
इसी तरह, किआ की बिक्री को भी हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक मॉडलों ने बड़ा सहारा दिया। कंपनी के इलेक्ट्रिक मॉडल EV9 की बिक्री में 111 प्रतिशत का भारी उछाल देखा गया और इसकी 1,406 यूनिट्स बिकीं। वहीं, EV6 मॉडल की बिक्री भी 58 प्रतिशत बढ़कर 803 यूनिट हो गई।
इन मॉडलों की रही सबसे ज़्यादा मांग
हुंडई के कई लोकप्रिय मॉडलों ने बिक्री बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। सबसे ज़्यादा 52% की बढ़त के साथ सांता फे एसयूवी की 17,959 यूनिट्स बिकीं। इसके अलावा, पैलिसेड एसयूवी (10,840 यूनिट, 14% वृद्धि), कोना कॉम्पैक्ट एसयूवी (6,029 यूनिट, 21% वृद्धि), और एलांट्रा सेडान (12,011 यूनिट, 17% वृद्धि) भी खूब पसंद की गईं। किआ के लिए टेलुराइड एसयूवी की बिक्री 63 प्रतिशत बढ़कर 14,009 इकाई रही।
हुंडई मोटर उत्तरी अमेरिका के अध्यक्ष और सीईओ रैंडी पार्कर ने इस प्रदर्शन पर कहा, "कंपनी ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ अक्टूबर प्रदर्शन किया है और ग्राहकों से सभी प्रमुख मॉडलों को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।" जनवरी से अक्टूबर 2026 तक हुंडई की कुल अमेरिकी बिक्री 3 प्रतिशत बढ़कर 7,70,916 वाहनों तक पहुंच गई है।
इनपुट: IANS



