पश्चिम बंगाल: पत्नी का सिर काटकर मंदिर में बैठा पति, इलाके में दहशत
पश्चिम बंगाल के गंगारामपुर में बुधवार को एक खौफनाक घटना ने लोगों को दहला दिया। यहां नारायणपुर इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसका कटा हुआ सिर लेकर एक स्थानीय मंदिर…
पश्चिम बंगाल के गंगारामपुर में बुधवार को एक खौफनाक घटना ने लोगों को दहला दिया। यहां नारायणपुर इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसका कटा हुआ सिर लेकर एक स्थानीय मंदिर में जा बैठा। जब वह एक हाथ में सिर और दूसरे में चाकू लेकर मंदिर से बाहर निकला तो इलाके में दहशत फैल गई।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरोपी की पहचान रिंटू घोष के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी पत्नी सीमा सरकार का सिर और धड़ दोनों बरामद कर लिए हैं। फिलहाल, इस जघन्य हत्या के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
पड़ोसियों ने बताया कि इलाके का मंदिर अक्सर खुला रहता है। सुबह उन्होंने रिंटू घोष को मंदिर के अंदर बैठे देखा। एक पड़ोसी के मुताबिक, जब उन्होंने चीखें सुनीं तो लोग अपने घरों से बाहर निकले और मंदिर के अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गए। जब मंदिर के बाहर भीड़ जमा होने लगी, तो रिंटू अपनी पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर बाहर आया, जिसे देखकर लोग डर से पीछे हट गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत गंगारामपुर थाने को सूचना दी।
आरोपी की पृष्ठभूमि और पारिवारिक जीवन
स्थानीय लोगों ने बताया कि रिंटू घोष पहले सरकारी बस सेवा में कंडक्टर था, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी या काम पर जाना बंद कर दिया था। एक रिश्तेदार राजेश प्रमाणिक ने मीडिया को बताया कि रिंटू और सीमा के दो बेटे हैं। प्रमाणिक के अनुसार, नौकरी छोड़ने के बाद घोष ने कुछ छोटे-मोटे काम शुरू करने की कोशिश की थी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह उन्हें कर रहा था या नहीं। उन्होंने यह भी बताया कि घोष कभी-कभी तांत्रिकों जैसा व्यवहार करता था और शाकाहारी भोजन करता था।
रिश्तेदार ने कहा, “जब मैं सुबह उठा तो पता चला कि वह मंदिर में बैठा है। बाद में मालूम हुआ कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या कहूं।” पड़ोसियों को संदेह है कि हत्या का कारण पति-पत्नी के बीच कोई विवाद हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी तक मकसद की पुष्टि नहीं की है। पुलिस टीम आरोपी से लगातार पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इनपुट: IANS



