बंगाल: अभिषेक बनर्जी के सहयोगी की निशानदेही पर TMC दफ्तर से एक करोड़ रुपये से ज्यादा कैश बरामद
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक दफ्तर से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद हुई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस हिरासत में लिए गए सुमि…
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक दफ्तर से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद हुई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस हिरासत में लिए गए सुमित रॉय से पूछताछ के बाद मिले सुरागों के आधार पर की गई। सुमित रॉय को TMC के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी का कार्यकारी सहायक बताया जाता है।
बुधवार को डायमंड हार्बर पुलिस ने सरिशा स्थित TMC के पार्टी कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान वहां से कुल 1 करोड़ 2 लाख 79 हजार रुपये (₹1,02,79,000) नकद जब्त किए गए। डायमंड हार्बर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोनल) अभिषेक मजूमदार ने इस बरामदगी की पुष्टि की है।
पूछताछ से खुला कैश का राज़
पुलिस के मुताबिक, सुमित रॉय को पिछले सप्ताह जमीन चोरी के एक मामले में हिरासत में लिया गया था। यह मामला डायमंड हार्बर पुलिस जिले के कालीतला-आशुति थाने में दर्ज है। हिरासत के दौरान हुई पूछताछ में मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने पार्टी कार्यालय पर छापा मारा। पुलिस ने पुष्टि की है कि कार्यालय तृणमूल कांग्रेस का है, लेकिन यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि इसका वास्तविक प्रबंधन कौन कर रहा था।
रकम के स्रोत की जांच जारी
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी पार्टी कार्यालय में क्यों रखी गई थी और इसका स्रोत क्या है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि यह रकम मिट्टी चोरी (सॉइल थेफ्ट) के उसी मामले से जुड़ी हो सकती है, जिसमें सुमित रॉय को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि रॉय को इस साल पश्चिम मिदनापुर जिले के सालबोनी में भी कथित तौर पर अवैध जमीन कब्जाने के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
इनपुट: IANS



