सुभाषग्राम रेप कांड: पति को पीटने के बाद महिला से दरिंदगी, एक गिरफ़्तार, चार की तलाश जारी
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार की भयावह घटना सामने आई है। सुभाषग्राम इलाके में हुई इस वारदात में पुलिस ने रविवार सुबह एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि…
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार की भयावह घटना सामने आई है। सुभाषग्राम इलाके में हुई इस वारदात में पुलिस ने रविवार सुबह एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।
यह घटना 30 और 31 अक्टूबर की दरम्यानी रात की है। पीड़िता ने 31 अक्टूबर को स्थानीय सोनारपुर पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, वह 30 अक्टूबर को अपने पति के साथ सुभाषग्राम में एक रिश्तेदार के घर आई थीं। देर रात करीब 1:30 बजे जब दंपती किसी दूसरे घर जा रहे थे, तभी पांच युवकों ने उन्हें घेर लिया।
चाकू की नोक पर दरिंदगी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पहले उनके पति की बेरहमी से पिटाई की। जब उन्होंने मदद के लिए चिल्लाने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे उन्हें जबरन पास के एक खाली कमरे में खींच ले गए।
शिकायत के अनुसार, वहां एक आरोपी ने उनके साथ बलात्कार किया, जबकि बाकी चारों ने उनके हाथ-पैर कसकर पकड़े हुए थे। आरोपियों ने उन्हें और उनके पति को धमकी दी कि अगर उन्होंने इस घटना के बारे में किसी को बताया या पुलिस के पास गए तो अंजाम बुरा होगा।
पुलिस कार्रवाई और स्थानीय तनाव
घटना के बाद किसी तरह दंपती ने एक अन्य घर में शरण लेकर रात बिताई। अगले दिन यानी शनिवार को उन्होंने सोनारपुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और एक आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई।
हालांकि, मुख्य आरोपी समेत चार अन्य लोगों की गिरफ्तारी न होने से स्थानीय निवासियों में रोष है और वे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इनपुट: IANS



