केरल में गर्मी का कहर: तापमान बढ़ने से बिजली संकट गहराया, कटौती की आशंका बढ़ी
केरल इन दिनों दोहरी मार झेल रहा है — एक तरफ भीषण गर्मी और दूसरी तरफ गहराता बिजली संकट। राज्य में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चला गया है, जिससे बिजली की मांग में अप्रत्याशित उछाल…
केरल इन दिनों दोहरी मार झेल रहा है — एक तरफ भीषण गर्मी और दूसरी तरफ गहराता बिजली संकट। राज्य में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चला गया है, जिससे बिजली की मांग में अप्रत्याशित उछाल आया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, बिजली की इस बढ़ी हुई मांग को पूरा करने में केरल राज्य बिजली बोर्ड (KSEB) को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते कई इलाकों में बिजली कटौती शुरू हो गई है।
सोमवार को राज्य का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि मंगलवार को भी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। हालांकि, बुधवार से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना से थोड़ी राहत की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 7 से 9 सितंबर तक हीटवेव की चेतावनी भी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि पूरे राज्य में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रह सकता है।
क्यों बढ़ा बिजली का संकट?
गर्मी बढ़ने के साथ ही घरों और दफ्तरों में कूलिंग उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ गया है, जिससे बिजली की खपत में तेज वृद्धि हुई है। KSEB का अनुमान है कि मांग में लगभग 800 मेगावाट की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए बोर्ड के पास पर्याप्त बिजली नहीं है। पीक आवर्स के दौरान राज्य के बाहर से बिजली की उपलब्धता कम है और रियल-टाइम बाज़ार में बिजली की कीमतें बहुत ज़्यादा हैं, जिससे अतिरिक्त बिजली खरीदना मुश्किल हो गया है।
KSEB ने बताया कि सितंबर के लिए बिजली खरीदने के टेंडर जारी किए गए थे, लेकिन पीक आवर्स में सप्लाई के लिए किसी भी कंपनी ने बोली नहीं लगाई। इसी वजह से सोमवार को कई इलाकों में एक घंटे तक की बिजली कटौती करनी पड़ी। अगर मांग का यही स्तर बना रहा तो मंगलवार को स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
गर्मी से बचाव की सलाह
बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें लू लगने, थकावट और डिहाइड्रेशन से बचने के उपाय बताए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि वे दिन के सबसे गर्म समय में सीधे धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और अत्यधिक गर्मी से जुड़े किसी भी लक्षण के प्रति सतर्क रहें।
इनपुट: IANS



