अमृतसर: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मद संधू हत्याकांड में तीन और गिरफ्तार, गुजरात से पकड़े गए आरोपी
पंजाब के अमृतसर में हुए चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मद संधू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुजरात एटीएस और वलसाड एसओजी की एक संयुक्त कार्रवाई में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया…
पंजाब के अमृतसर में हुए चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मद संधू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुजरात एटीएस और वलसाड एसओजी की एक संयुक्त कार्रवाई में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन तीनों को गुजरात के वलसाड जिले के वापी से पकड़ा गया, जिसके बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरसिमरनजीत सिंह उर्फ सिमू सिंग्गा, फतेह सिंह और अरमान सिंह के रूप में हुई है। ये तीनों पंजाब के तरनतारन जिले के रहने वाले हैं। गौरतलब है कि मद संधू उर्फ मधु सुदन सिंह की 3 अक्टूबर को अमृतसर में लोराहका रोड पर एक कार वॉशिंग सेंटर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अमृतसर के कैंटोनमेंट थाने में केस दर्ज किया गया था।
गुजरात में कैसे पहुंची जांच?
इस मामले की जांच में गुजरात पुलिस की भूमिका तब शुरू हुई जब पंजाब की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (सीआईए) ने संदिग्धों के बारे में गुजरात एटीएस को खुफिया जानकारी दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के. सिद्धार्थ की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने जांच शुरू की। टीम को पता चला कि तीनों आरोपी वापी में छिपे हुए हैं।
सूचना पुख्ता होने के बाद गुजरात एटीएस ने वलसाड एसओजी के साथ जानकारी साझा की। एसओजी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को वापी से हिरासत में ले लिया। गुजरात एटीएस कार्यालय में शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपियों से हत्या में उनकी भूमिका, रेकी और अन्य पहलुओं पर जानकारी जुटाई गई।
अब तक कुल चार गिरफ्तारियां
इस हत्याकांड में यह चौथी गिरफ्तारी है। इससे पहले 8 अक्टूबर को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने मुख्य शूटर बताए जा रहे परमिंदर प्रसाद उर्फ परमिंदर काका को वडाज इलाके से गिरफ्तार किया था। उस पर मद संधू पर गोली चलाने और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की व्यवस्था करने का आरोप है।
एजेंसियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर को पंजाब पुलिस की एक टीम गुजरात पहुंची और तीनों नए पकड़े गए आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया। जांच एजेंसियां इस हत्याकांड के तार विदेशी ठिकानों से ऑपरेट कर रहे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नेटवर्क से भी जोड़कर देख रही हैं। फिलहाल, पंजाब पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



