मंगलवार, 21 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
गुजरात

गुजरात: लकड़ी तस्करों का पीछा करते हुए सड़क हादसे में वन अधिकारी की मौत, सरकार ने दिए जांच के आदेश

गुजरात के तापी जिले में अवैध रूप से खैर की लकड़ी ले जा रहे तस्करों का पीछा करते हुए एक रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर (RFO) की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे के बाद राज्य सरकार ने…

गुजरात: लकड़ी तस्करों का पीछा करते हुए सड़क हादसे में वन अधिकारी की मौत, सरकार ने दिए जांच के आदेश
(फोटो: IANS)

गुजरात के तापी जिले में अवैध रूप से खैर की लकड़ी ले जा रहे तस्करों का पीछा करते हुए एक रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर (RFO) की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे के बाद राज्य सरकार ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और वन संपदा से जुड़े अपराधों पर 'जीरो टॉलरेंस' नीति जारी रखने का संकल्प दोहराया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, मृतक अधिकारी की पहचान तापी रेंज में तैनात विकास देसाई के रूप में हुई है।

विज्ञापन

यह घटना उस समय हुई जब विकास देसाई को कीमती खैर की लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही उन्होंने संदिग्ध तस्करों का पीछा करना शुरू किया, लेकिन इसी दौरान वे एक घातक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए।

कर्तव्यनिष्ठा को सलाम और जांच का ऐलान

राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने विकास देसाई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे वन विभाग के लिए एक 'अपूर्णणीय क्षति' बताया। उन्होंने कहा, "जब तक वन संस्कृति जीवित रहेगी, तब तक मानव सभ्यता भी सुरक्षित रहेगी। इस महान उद्देश्य के लिए आरएफओ विकास देसाई का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।" मंत्री ने यह भी कहा कि देसाई का जीवन पूरे वन समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

मोढवाडिया ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और पूरे राज्य सरकार की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

कौन थे विकास देसाई?

विकास देसाई मूल रूप से पाटन जिले के चाणसमा तालुका के भाटसर गांव के रहने वाले थे। चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर के देसाई लगभग तीन साल पहले ही वन विभाग में शामिल हुए थे। इससे पहले वह सचिवालय में डिप्टी सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में उनके माता-पिता, पत्नी और एक पांच साल का बेटा है। वन राज्य मंत्री प्रवीण माली और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) डॉ. जयपाल सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social गुजरात डेस्क

News4Social गुजरात डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से गुजरात से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →